धान खरीदी केन्द्र बदले जाने से किसान नाराज,कोर्ट जाएंगे - rashtrmat.com

धान खरीदी केन्द्र बदले जाने से किसान नाराज,कोर्ट जाएंगे

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। ग्राम पंचायत सालेटेकरी तथा आसपास के ग्रामीणों ने बहेराभाटा में संचालित हो रही धान खरीदी केन्द्र बदले जाने से आपत्ति जताते हुए इसे कलेक्टर के आदेशों का खुला उल्लंघन बताया है। कृषकों ने आरोप लगाया है कि शासन की बिना अनुमति के ग्राम बहेराभाटा में धान खरीदी शुरू कर दी गई है। जबकि कलेक्टर खाद्य शाखा बालाघाट ने 27 नवंबर 2025 को जारी आदेश में स्पष्ट रूप से सेवा सहकारी समिति मर्यादित सालेटेकरी केंद्र क्रमांक 01 को ही अधिकृत खरीदी केंद्र घोषित किया है।
बिना अनुमति के संचालन
ग्रामीणों के लिखित आवेदन के मुताबिक कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश पत्र अनुसार सालेटेकरी केंद्र के माध्यम से ही कृषकों की धान खरीदी के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद समिति ने ग्राम बहेराभाटा में बिना अनुमति के केंद्र संचालित कर धान खरीदी कर रही है।
रिट याचिका दायर करेंगे
आपने आवेदन में ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले 25 अगस्त 2025 को सालेटेकरी, रघोली,लालपुर और मछुरदा पंचायतों के कृषकों द्वारा भी इसी विषय पर शिकायत की गई थी, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण पुनः आवेदन देना पड़ा है। किसानों का कहना है कि यदि नियम विरुद्ध चल रही यह प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो वे सामूहिक रूप से माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में रिट याचिका दायर करेंगे।
सेल्स मेन की भूमिका पर संदेह
कृषकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बहेराभाटा में बिना आदेश चल रही खरीदी को तत्काल रोका जाए। साथ ही कलेक्टर के पूर्व आदेश अनुसार धान खरीदी केवल सेवा सहकारी समिति मर्यादित सालेटेकरी केंद्र क्रमांक 01 पर ही कराई जाए और मामले की जांच कर संबंधित सेल्समैन व मैनेजर की भूमिका स्पष्ट की जाए।