डिप्टी CM के रीवा में सफाई वाले हड़ताल पर,कचरा नहीं उठा,झाड़ू नहीं लगा - rashtrmat.com

डिप्टी CM के रीवा में सफाई वाले हड़ताल पर,कचरा नहीं उठा,झाड़ू नहीं लगा

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो) । डिप्टी सीएम के शहर रीवा में नगर निगम के समस्त सफाई कर्मचारी आज हड़ताल पर चले गए। उनके हड़ताल पर चले जाने से आज शहर की हर गलियां और सड़कों पर स्वच्छता नहीं रही।डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला ने रीवा कों स्वच्छता में पांचवा रैंक दिलाए थे। सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया है। हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर देखने को मिला। रोज जहां सफाई कर्मी कचरा उठाते थे और झाड़ू मारते थे,वहां सफाई कर्मी नहीं गए।


निगम प्रशासन के खिलाफ नारे लगे
डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के शहर रीवा में सफाई कर्मियों के हड़ताल में चले जाने से एक दिन में ही सफाई व्यवस्था अपाहिज हो गयी। शहर के कई इलाकों में जगह.जगह कचरे के ढेर लगे रहे हैं। समस्त सफाई कर्मचारी आज कार्य का बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।
आवास योजना का लाभ दें
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें शासन की आवास योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इसके साथ ही शनिवार को भी उन्हें अवकाश नहीं मिलता। जिससे वे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं। इन्हीं मांगों को लेकर आज उन्होंने हड़ताल का रास्ता अपनाया है। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी हड़ताल जारी रहेगी।


आज कचरा नहीं उठा
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर आम जनता पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सड़कों चैराहों और रिहायशी इलाकों में आज कचरा नहीं उठा। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।फिलहाल सफाई कर्मचारियों का धरना नगर निगम कार्यालय में जारी है और अब देखना होगा कि प्रशासन उनकी मांगों पर क्या रुख अपनाता है।