खेलो MP यूथ गेम्स; बालाघाट प्रदेश में दूसरे स्थान पर,कलेक्टर ने किया सम्मानित - rashtrmat.com

खेलो MP यूथ गेम्स; बालाघाट प्रदेश में दूसरे स्थान पर,कलेक्टर ने किया सम्मानित

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025.26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले एथलेटिक्स खिलाड़ियों का कलेक्टर कार्यालय बालाघाट में सम्मानित किया गया। कलेक्टर मृणाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा द्वारा प्रदेश के गोल्डन बाय रवि प्रकाश बिसेन सहित अन्य खिलाड़ियों को ट्राफी एवं मेडल पहनाकर शुभकामनाएं दी गईं। कलेक्टर मीना ने यूथ गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले इन युवा खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए कहा कि वे खेल के साथ अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान दें। उनकी इस सफलता से जिले के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।
ऐतिहासिक प्रदर्शन किया
भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स को मध्यप्रदेश का ओलंपिक कहा गया, जिसका स्लोगन मध्यप्रदेश की जय.हम सब की विजय रहा। इस प्रतियोगिता में बालाघाट जिले के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। मराठा बूढ़ी, विकासखंड किरनापुर निवासी रवि प्रकाश बिसेन एवं उनकी टीम ने एथलेटिक्स के 110 मीटर हर्डल्स,400 मीटर हर्डल्स और 4-100 मीटर रिले रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालाघाट के लिए तीन स्वर्ण पदक अर्जित किए। रिले रेस में रवि के साथ रविंद्र बिरनवार, देवेंद्र पारधी और निखिल अटरे शामिल रहे।
बालाघाट प्रदेश में दूसरे स्थान पर
प्रतियोगिता में बालाघाट ने एथलेटिक्स मेडल टैली में प्रदेश के 55 जिलों में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा भाला फेंक स्पर्धा में प्रकाश मैरावी ने रजत पदक तथा नूपुर दशहरे ने कांस्य पदक हासिल किया। तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले रवि प्रकाश बिसेन को बेस्ट एथलीट के रूप में राज्यपाल मंगुभाई छगनभाई पटेल, खेल मंत्री विश्वास सारंग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक राकेश गुप्ता द्वारा रनर.अप ट्राफी प्रदान की गई। यह ट्रॉफी बालाघाट टीम के लिए गर्व का विषय रही। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतने का संकल्प व्यक्त किया।