पेयजल से शिक्षा तक लिए बड़े फैसले, बदला भरोसे का माहौल - rashtrmat.com

पेयजल से शिक्षा तक लिए बड़े फैसले, बदला भरोसे का माहौल

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। उसूर ब्लॉक के अत्यंत सुदूर ग्राम पंचायत कंचाला एवं पालागुड़ा में नव स्थापित सीआरपीएफ कैंप का कलेक्टर  संबित मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ  नम्रता चौबे द्वारा पहली बार दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने आश्रित ग्राम गुंडराजगुड़ा, पालागुड़ा एवं बोमेड़ का भी भ्रमण कर आंगनबाड़ी, स्कूल एवं सड़क निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण किया।
ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश गया
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्कूली बच्चों से आत्मीय संवाद कर शिक्षा की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। बच्चों के साथ अधिकारियों ने मध्यान्ह भोजन भी किया और भोजन की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश गया और शासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ।
पेयजल संकट से अवगत कराए
ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट से अवगत कराए जाने पर कलेक्टर  मिश्रा ने संबंधित विभाग को एक सप्ताह के भीतर सभी ग्रामों में हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पात्र हितग्राहियों को तत्काल राशनकार्ड वितरण तथा राशनकार्डधारियों को ट्रैक्टर के माध्यम से गांव में ही खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए।
विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश
कलेक्टर एवं सीईओ ने स्वीकृत सभी शाला भवनों एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम गुंडराजगुड़ा में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत लंबित वन भूमि सर्वे को शीघ्र पूर्ण कर ग्राम स्तरीय समिति में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सभी नागरिकों के वोटर आईडी, आधार कार्ड एवं बैंक खाता खोलने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए।दूरस्थ एवं संवेदनशील अंचलों में प्रशासन की यह सक्रिय उपस्थिति न केवल विकास कार्यों को गति दे रही है, बल्कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और ग्रामीण जीवन में बदलाव लाने की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *