राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक युवती को टक्कर मार दी। इस हादसे में मलाजखंड निवासी युवती मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना बुधवार शाम तकरीबन 4.45 की है।

साइकिल से जा रही थी युवती
शहर के बुढ़ी स्थित गैस एजेंसी के सामने हुई। घायल युवती साइकिल से अपने किराए के कमरे की ओर जा रही थी। तभी सड़क पर अचानक एक बच्चा आ गया, जिससे घबराकर युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी।
ट्रैक्टर ने साइकिल को मारी टक्कर
इसी दौरान पास से गुजर रहे रेत से भरे एक ट्रैक्टर की चपेट में वह आ गई। हादसे के बाद, मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल युवती को तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया।
सीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की वास्तविक जानकारी मिल सके।