बालाघाट नपा अध्यक्ष ने रीवा की निर्माण एजेंसी की निविदा रद्द की - rashtrmat.com

बालाघाट नपा अध्यक्ष ने रीवा की निर्माण एजेंसी की निविदा रद्द की

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। नगर के हनुमान चौक क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या के निदान के लिए नाली बनाने के लिए दो करोड़ 97 लाख का ठेका रीवा की एक एजेंसी को दिया गया था।लेकिन तय समय पर कार्य पूरा नहीं किये जाने पर नपा अध्यक्ष भारती ठाकुर ने उसका टेंडर रद्द कर दी।


निर्माण कंपनी को फटकारा
हनुमान चैक एवं आसपास के क्षेत्रों से वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित करने हेतु चार प्रमुख नालों,नालियों का निर्माण किया जाना था। नपा अध्यक्ष भारती ठाकुर आज निर्माण कार्य देखने निकली। निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से होने की वजह से तय समय पर नहीं हुआ। जलभराव की समस्या यथावत होने पर नपा अध्यक्ष ने निर्माण कंपनी को फटकार लगाई।
रीवा की निर्माण एजेंसी की निविदा निरस्त
नपाध्यक्ष भारती ठाकुर ने बताया कि हनुमान चौक जल निकासी से जुड़े नाली निर्माण कार्यों में प्रेम नगर गायत्री मंदिर मार्ग होटल मल्लिकार्जुन से गौरवपथ तक लगभग 650 मीटर नाली निर्माण का कार्य भी इसी कार्ययोजना के टेंडर के अंतर्गत शामिल था। 17 जुलाई 2025 को आदेश जारी होने के बावजूद छह माह में लगभग 20 मीटर कार्य ही हुआ। जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नपाध्यक्ष ने रीवा की संबंधित निर्माण एजेंसी के सभी कार्यों को निरस्त करने उपयंत्री ज्योति मेश्राम को आदेश देते हुए कहा कि उक्त निविदा को निरस्त करने तत्काल प्रस्ताव पीआईसी के समक्ष प्रस्तुत करें। उक्त निर्माण कंपनी को लगभग 2 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत का कार्य आवंटित किए गए थे।