राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को बालाघाट जिले के वारासिवनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी के लेखापाल वोमेंद्र कुमार रोकड़े (49) को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने सहायक शिक्षक नरेंद्र कुमार डोहरे से एरियर्स की राशि निकालने के एवज में यह रिश्वत मांगी थी।27,528 रुपए के एरियर्स को निकालने के लिए आरोपी बाबू वोमेंद्र रोकड़े ने रिश्वत की मांग की थी।

रिश्वत की मांग की थी
सहायक शिक्षक नरेंद्र कुमार डोहरे ने बताया कि उनका जुलाई 2017 से दिसंबर 2023 तक का वेतन विसंगति एरियर्स 94,085 रुपए बना था। इसमें से 66,557 रुपए की राशि उन्हें पहले ही मिल चुकी थी। शेष 27,528 रुपए के एरियर्स को निकालने के लिए आरोपी बाबू वोमेंद्र रोकड़े ने 4 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
आरोपी के बयान दर्ज किए गए
शिकायत की पुष्टि होने के बाद जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने 24 जून को कायदी स्कूल के शिक्षक कक्ष में सहायक शिक्षक से 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए बाबू वोमेंद्र रोकड़े को रंगेहाथ पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त पुलिस आरोपी को लेकर वारासिवनी रेस्ट हाउस पहुंची, जहां मामले से जुड़ी आगे की कार्यवाही और शिकायतकर्ता व आरोपी के बयान दर्ज किए गए।
मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही
जबलपुर लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशों और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7, 13(1)ठ, और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।