स्कूल की छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने पर होगी कार्रवाईःकलेक्टर - rashtrmat.com

स्कूल की छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने पर होगी कार्रवाईःकलेक्टर

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।कलेक्टर मृणाल मीणा ने 23 जून को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को सख्त निर्देश दिए कि जिले के किसी भी जर्जर शाला भवन में कक्षाएं संचालित न की जाएं।बालाघाट में सर्व शिक्षा अभियान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में 249 भवन जर्जर स्थिति में हैं।

जिले में 249 भवन जर्जर स्थिति में

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि वर्षा ऋतु में यदि किसी विद्यालय की छत से पानी टपकने या दीवारों का प्लास्टर गिरने जैसी शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।  इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि को एपीसी बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षक यंत्री को बिजली सुरक्षा और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, तथा कृषि उपसंचालक और केंद्रीय बैंक के सीईओ को वन पट्टाधारक किसानों को सभी सुविधाएं दिलाने के निर्देश भी दिए।

जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए

कलेक्टर ने आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो निरोधक दवा से वंचित न रहे और अभियान में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।   कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए, साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण न करने वाले अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *