राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के ग्रामीण थाना पुलिस ने क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमी पंचायत में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला पंच काशीबाई दशहरे समेत आठ लोगों को पकड़ा है। जिनके विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है और मौक़े से 1.95 लाख का मशरुका जप्त किया गया है।

जुआरियों के होश उड़ गए
इस कार्रवाई में ताश के पत्तों पर दांव लगा रही महिला पंच खुद भी पकड़ी गई है। कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह कमरे के अंदर ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगाई जा रही थी। जैसे ही पुलिस ने मौके पर धावा बोला, जुआरियों के होश उड़ गए।
काशीबाई के मकान में जुए की फड़
ग्रामीण थाना प्रभारी रमेश जाट ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से खबर मिल रही थी कि वार्ड पंच काशीबाई के मकान में जुए की फड़ सजती है। सूचना की पुख्ता तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा।मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाते मिले। जिनके विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से आठ लोगों को पकड़ा और मौक़े से नगद राशि, मोबाइल, बाइक जप्त की। पुलिस कार्यवाही मे पकड़े गए आठ लोगों मे विनोद बंसोड़, प्रशांत मेश्राम, ललित जुन्हारे, मनीष छिपेकर, विकास चंदनबटुए, राजा निकोसे, राजा कहार और काशीबाई दशहरे वार्ड पंच शामिल हैं। बाद में सभी आरोपियों को नियमानुसार मुचलके पर जमानत दे दी गई।