स्वीकृत विकास कार्यो केा समय सीमा में पूरा करें-आदित्य सिंह - rashtrmat.com

स्वीकृत विकास कार्यो केा समय सीमा में पूरा करें-आदित्य सिंह

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर आदित्य सिंह ने शनिवार को जिले के नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 100 ग्रामों के समग्र विकास के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, विद्युत मंडल, महिला एवं बाल विकास, खाद्य आपूर्ति, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा सेवाएं, मत्स्योद्योग विभाग तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक लेकर प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

नियमित निगरानी पर जोर
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभागवार प्रस्तावित कार्यों, उनकी अनुमानित लागत तथा स्वीकृत राशि की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश

कलेक्टर आदित्य सिंह ने बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा पोषण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ), महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सप्ताह में एक बार संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में कुपोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की समग्र रूप से समीक्षा की जाए, ताकि संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। गर्भवती माताओं एवं बच्चों के टीकाकरण और पोषण से संबंधित स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के आंकड़ों में एकरूपता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *