पत्नी का हत्यारा पति जंगल से गिरफ्तार,चरित्र पर था संदेह इसलिए मारा - rashtrmat.com

पत्नी का हत्यारा पति जंगल से गिरफ्तार,चरित्र पर था संदेह इसलिए मारा

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के रूपझर थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़की में पत्नी की हत्या के मामले में फरार आरोपी पति को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जंगल में छिपा हुआ था। रूपझर पुलिस ने बिठली, बोड़की और आमानाला के बीच जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाकर आरोपी सोनसिंह भलावी (55) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते वारदात करना स्वीकार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 15 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे बैहर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

आंख और माथे पर गंभीर चोटें थीं
पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर 2026 को हरार्नाला निवासी रूपलाल मेरावी ने थाना रूपझर में घटना की सूचना दी थी। बताया गया कि ग्राम बोड़की निवासी शांतिबाई भलावी के साथ उसके पति सोनसिंह भलावी ने किसी ठोस वस्तु से मारपीट की है। महिला के सिर, आंख और माथे पर गंभीर चोटें थीं। शांतिबाई का शव उसके घर की छपरी में नेवार की खाट पर चित्त अवस्था में पड़ा मिला था।

आरोपी फरार हो गया था

सूचना मिलते ही रूपझर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। ऋरछ टीम को भी बुलाया गया और मौके से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत होने की बात सामने आई। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति सोनसिंह भलावी के खिलाफ अपराध क्रमांक 181/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।

बीच जंगल से गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालाघाट ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैहर और एसडीओपी बैहर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रूपझर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। ग्राम बिठली, बोड़की और आमानाला के बीच जंगलों में भी सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। लगातार तलाश और पतासाजी के बाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर सोनसिंह को बोड़की और आमानाला के बीच जंगल से गिरफ्तार कर लिया।

शांतिबाई के चरित्र पर संदेह था
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी शांतिबाई के चरित्र पर संदेह था और इसी बात सहित पारिवारिक कारणों को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी विवाद हुआ और गुस्से में उसने पत्नी के साथ लकड़ी एवं कुल्हाड़ी से मारपीट की। हमले में आई गंभीर चोटों के कारण शांतिबाई की मौत हो गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं अन्य वस्तुएं जब्त की हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। 15 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे आरोपी पति सोनसिंह भलावी को बैहर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। रूपझर पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *