राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानी नगर में गुरुवार सुबह एक मकान से अचानक आग की भीषण लपटें उठने लगीं। घर से अचानक आग की लपटें उठने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महिला ने अपने पति पर मारपीट करने, कमरे में बंधक बनाने और पेट्रोल डालकर घर में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पति ने पत्नी के आरोपों को खारिज करते हुए विवाद की अलग वजह बताई है।

बंधक बनाकर जिंदा जलाने का आरोप
सुमन के अनुसार, गुरुवार सुबह पति अचानक घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करने के बाद उसे कमरे में बांध दिया। इसके बाद उसने घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी।, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने आग पर काबू पाने में मदद की और दोनों पक्षों (पति और पत्नी) को हिरासत में लेकर थाने ले आई है।

पति पर मारपीट का आरोप
मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता सुमन ने बताया कि उसका पति शादी के दो साल बाद से ही वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता आ रहा था, जिसकी शिकायत वह पूर्व में भी पुलिस थाने में दर्ज करा चुकी है।
अपने भाईयों को फोन की
कमरे में कैद और आग की लपटों से घिरी पीड़िता ने किसी तरह अपने भाईयों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी।

पीछे के दरवाजे से निकलकर बचाई जान
सुमन के मुताबिक, परिजनों और आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद उसने पीछे के दरवाजे से किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। महिला का आरोप है कि घर में आग लगाने के बाद उसका पति बाउंड्री फांदकर मौके से भाग गया।
दूसरे से फोन पर बात करती थी
वहीं दूसरी ओर, आरोपी पति ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए अलग ही कहानी बताई है। पति का कहना है कि उसकी पत्नी सुमन किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। जब उसने इस बात का विरोध किया और रंगे हाथों पकड़ा, तो पत्नी उल्टे उससे झगड़ने लगी और उसके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गई।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। दोनों पक्षों के बयानों और पुरानी शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।