राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली/मुंबई़(ब्यूरो)। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला किया गया। घटना ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई। बादल पर नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में निहंग ने हमला किया। हमले में उनके हाथ में चोट लगी है। उन्हें यशोमती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नांदेड़ पुलिस ने यह जानकारी दी।

गुरुद्वारे के पास हमला हुआ
पुलिस के मुताबिक, बादल पर एक गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बादल एक इमारत के अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे। हमले के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।जानकारी के अनुसार सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने के लिए अपनी गाड़ी से उतर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हमले में सुरक्षाकर्मी भी घायल
हमला नांदेड़ के गुरुद्वारा माता साहिब कौर में हुआ। बताया जा रहा है कि बादल के एक सुरक्षाकर्मी संतोष केंद्रे पर भी हमला किया गया। शुरुआती जानकारी में सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला होने की बात सामने आई है।इससे पहले दिन में सुखबीर बादल अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ के तख्त श्री हजूर साहिब गए थे। हरसिमरत कौर बादल अकाली दल की सांसद हैं। हमला सुबह करीब 11 बजे हुआ।
हमलावर को सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा
घटना के तत्काल बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने हमलावर को पकड़ लिया। हमले के पीछे क्या कारण था और आरोपी की पहचान क्या है, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमलावर किस उद्देश्य से वहां पहुंचा था और उसने सुखबीर बादल को निशाना क्यों बनाया।
2024 में अमृतसर में भी हुआ था हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के बाहर भी जानलेवा हमला किया गया था। उस समय वह अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवादार की सेवा कर रहे थे।वह व्हीलचेयर पर बैठकर हाथ में बरछी लेकर पहरेदारी कर रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौरा नामक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, वह इस हमले में बाल-बाल बच गए थे और मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था।