कथित अवैध क्रेशर प्लांट को लेकर कांग्रेस का हमला, कार्रवाई की मांग - rashtrmat.com

कथित अवैध क्रेशर प्लांट को लेकर कांग्रेस का हमला, कार्रवाई की मांग

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर/ सुकमा(ब्यूरो)। बीजापुर-सुकमा सीमा के ग्राम तुमलपाड़ में संचालित कथित अवैध गिट्टी क्रेशर प्लांट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी और सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्रेशर प्लांट का निरीक्षण किया तथा पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

धूल प्रदूषण बढ़ गया

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि गांव में क्रेशर प्लांट स्थापित करने से पहले न तो ग्राम सभा की सहमति ली गई और न ही पंचायत से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट में दिन-रात भारी मशीनों का संचालन हो रहा है, जिससे धूल प्रदूषण बढ़ गया है। वहीं पहाड़ों में ब्लास्टिंग किए जाने से आसपास के ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में जंगल कटाई और गिट्टी के बड़े पैमाने पर उत्खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से प्लांट को बंद कराने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है
मौके पर विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि बस्तर में अवैध उत्खनन और खनिज संसाधनों के दोहन को सरकारी संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि क्रेशर प्लांट के पास सभी वैधानिक अनुमति है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, और यदि अनुमति नहीं है तो यह स्पष्ट किया जाए कि वह किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है।
अब तक कार्रवाई क्यों नहीं
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सवाल करते हुए कहा कि क्या आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभा की अनुमति के बिना कोई क्रेशर प्लांट संचालित किया जा सकता है? क्या वन क्षेत्र में बिना संबंधित विभागों की अनुमति के ब्लास्टिंग और खनन संभव है? यदि प्रशासन को इसकी जानकारी थी तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
आंदोलन को और तेज किया जाएगा
विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बस्तर के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों का बड़े पैमाने पर दोहन हो रहा है, जबकि जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गिट्टी का उत्खनन किया जा रहा
सुकमा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि तुमलपाड़ क्षेत्र से नियमों की अनदेखी कर गिट्टी का उत्खनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्राम सभा और पंचायत राज व्यवस्था की अनदेखी कर बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों को उद्योगपतियों के हवाले करने का काम कर रही है। उनका कहना था कि यदि कथित अवैध क्रेशर प्लांट पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता
निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सुकमा की अध्यक्ष सोयम मंगम्मा, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीया उद्दे, जनपद सदस्य मनोज अवलम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, महामंत्री पुरुषोत्तम सल्लुर, वेणुगोपाल राजू, प्रवीण डोंगरे, बब्बू राठी, मुन्ना कुरसम, रामलू सोढ़ी, गुड्डू कोरसा, विनोद तालुकदार, वीरेंद्र वासम, कोसा अवलम, शंकर खटबिना, सुकदास, लक्ष्मण कोरसा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता माड़वी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अदम्मा मड़कम, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पोंदी, वरिष्ठ कांग्रेसी रंजू कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।