राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।किरनापुर थाना अंतर्गत रजेगांव में बुधवार की रात हुई लूट का वास्तविक आंकड़ा कितना है, यह ना तो व्यापारी बता पा रहा है और ना ही पुलिस। व्यापारी गेंदलाल करेंडे ने बताया कि दो थैलो में सोने-चांदी के जेवरात भरे थे। जिसे लूटेरे लूटकर ले गए है, जिसकी अनुमानित कीमत तो करोड़ो में होने की बात कहीं जा रही थी, लेकिन व्यापारी ने बताया कि लाखो रूपए की लूट है। फिलहाल घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता और डर का माहौल है।

आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर
बताया जाता है कि 28 जून को लांजी में सराफा कारोबारी कपिल आसटकर और बुधवार की रात गेंदलाल करंडे के साथ हुई घटना का पैटर्न एक ही था। दोनो ही मामले में लूटेरे, मोटर सायकिल से आए थे और उन्होंने व्यापारी पर हमला कर उन्हें पहले घायल किया और उसके बाद सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग को लूटकर फरार हो गए। हालांकि घटना के बाद से पुलिस ने नाकेबंदी कर जांच को तेज कर दिया है। पुलिस की बनाई गई टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है। परंतु घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर है।
थैले लूटकर तीन बाइक से फरार
सराफा व्यापारी गेंदलाल करंडे ने बताया कि वह रोज की तरह रात करीब 8:15 बजे दुकान बंद कर सोने-चांदी के जेवर दो अलग-अलग थैलों में रखकर घर जा रहे थे। सोसायटी और शराब दुकान के बीच बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और लाठी व मुक्कों से हमला कर दिया। व्यापारी के अनुसार, आरोपियों ने 4-5 बार लाठी से वार किए, जिससे उनके होंठ के पास चोट आई। मारपीट के बाद बदमाश जेवरों से भरे दोनों थैले लूटकर तीन बाइक से फरार हो गए। व्यापारी ने बताया कि उसने दो आरोपियों के चेहरे देखे हैं।

पुलिस अब तक खाली हाथ है
घटना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाकर संभावित क्षेत्रों में रवाना किया गया है।जांच के लिए घटना के दौरान व्यापारी के पहने शर्ट और बनियान को बरामद किया है। इधर, उक्त घटना के बाद क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में दहशत का महौल है। इससे पहले 28 जून को लांजी मुख्यालय में सराफा व्यवसायी और 25 जुलाई को लांजी के कुलपा में बुजुर्ग लिल्हारे दंपती के साथ लाखों की लूट हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक खाली हाथ है। लगातार लांजी क्षेत्र में हो रही लूट की घटनाओं ने लोगों को डरा दिया है। जिसका भय अब लोगों के चेहरे पर दिखाई देता हैं।