राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट का रेंजर कॉलेज 12 साल बाद फिर से खुलने जा रहा है। यहां विभिन्न राज्यों से आने वाले रेंजर प्रशिक्षु अपना प्रशिक्षण लेंगे। सांसद भारती पारधी ने सोमवार को तैयारियों का जायजा लिया।दो साल पहले रेंजर कॉलेज को जबलपुर स्थानांतरित करने की खबरें आई थीं, जिसके बाद कॉलेज को बालाघाट में ही रखने के लिए विभिन्न मंचों से आवाज उठाई गई थी। इस दौरान सांसद भारती पारधी पर भी सवाल उठे थे।

कुछ जगह काम चल रहा है
सांसद ने मामले में विभागीय स्तर पर भोपाल से दिल्ली तक प्रयास किए। सितंबर 2026 से बालाघाट में रेंजर प्रशिक्षण की पहली बैच शुरू होगी।सांसद ने क्लासरूम सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से कॉलेज की रूपरेखा को समझा और विभिन्न विभागों का जायजा लिया। सांसद ने पाया कि कुछ जगह काम चल रहा है। मेस की इमारत का एक हिस्सा पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया है।

रेंजर कॉलेज में पौधारोपण भी किया
कॉलेज के प्रस्तावित स्थानांतरण पर रोक लगने के बाद सांसद श्रीमती भारती पारधी ने सोमवार को रेंजर कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर वर्ष 2014 के बाद प्रारंभ होने जा रहे नए बैच के प्रशिक्षण की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर सांसद श्रीमती पारधी ने रेंजर कॉलेज में पौधारोपण भी किया।सीसीएफ गौरव ने बताया कि 2014 से रेंजर महाविद्यालय की गतिविधियां बंद थी, जो दोबारा शुरू होने वाली है। महाविद्यालय की व्यवस्था को सुधारा जा रहा है।
हरसंभव सहयोग किया जाएगा
निरीक्षण के दौरान सांसद श्रीमती भारती पारधी ने वन विभाग के अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि रेंजर कॉलेज का बालाघाट में बने रहना जिले के युवाओं और वन शिक्षा के क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्थान के सुचारू संचालन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।