राष्ट्रमत न्यूज,हापुड़(ब्यूरो)। यूपी के हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर में एक सराफ की दुकान पर जेवर खरीदने गई युवती को दुकानदार ने पानी की जगह तेजाब या पानी जैसा कुछ अन्य केमिकल दे दिया। दो घूंट पीते ही युवती की हालत बिगड़ गई। युवती को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पानी समझकर दो घूंट पिए
युवती ने दुकान से बाहर निकलते ही उल्टियां शुरू कर दीं। इसके बाद रिया को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।सीओ अनीता चौहान का कहना है कि मामले की एक सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुई है। जिसमें युवती पानी की जगह इस तेजाब या केमिकल को पीती नजर आ रही है। सराफ, दुकानदार और पानी की बोतल लाने वाले किशोर से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मां ने बताया सील बंद थी, ठंडी बोतल-
मामला जितना सामान्य लग रहा है, उतना है नहीं। दरअसल, मां अंजना ने बताया कि सराफ के बोतल मंगाने पर पड़ोस का युवक बिल्कुल ठंडी और सीलबंद बोतल लेकर आया था। सील खोलने के बाद सराफ अनुज ने पहले उन्हें बोतल पीने को दी, लेकिन अधिक ठंडी होने के कारण उन्होंने उस बोतल को अपनी बेटी को दे दिया।