बालाघाट में ग्रामीणों ने शराब से भरा महाराष्ट्र का वाहन पकड़ा - rashtrmat.com

बालाघाट में ग्रामीणों ने शराब से भरा महाराष्ट्र का वाहन पकड़ा

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के बहेला थाना क्षेत्र के मिरिया टेकेपार गांव में ग्रामीणों ने शराब से भरा एक वाहन पकड़ा है। यह वाहन गांव में शराब की आपूर्ति के लिए लाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया।वाहन में करीब 12 से 14 पेटी देशी सादा, मसाला और अंग्रेजी शराब बताई जा रही है। वाहन का नंबर महाराष्ट्र का है। ग्रामीणों ने जिस वाहन को पकड़ा उसका चालक और एक साथी मौके से फरार हो गए। वाहन में एक रजिस्टर मिला है। जिसमें शराब बेचने वालों का नाम है।

रजिस्टर में शराब बेचने वालों के नाम

बरामद वाहन में एक रजिस्टर भी मिला है, जिसमें शराब बेचने वालों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच किसी बात को लेकर बहस होने की बात भी सामने आई है, जिसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है।इस संबंध में बहेला थाना प्रभारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। जिला पंचायत सदस्य ज्योति उमरे ने बताया कि ग्रामीणों ने सुबह शराब ला रहे वाहन को पकड़ा था। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग

उमरे ने आरोप लगाया कि शराब माफिया और उनके गुंडे अब क्षेत्र के जागरूक युवाओं और ग्रामीणों पर हाथ उठाने तथा गुंडागर्दी करने की हिम्मत कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि लांजी क्षेत्र में किसी भी माफिया या उनके गुंडों की दादागिरी नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने अपराधियों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।