RSS पर उंगली उठाने वाले का हाथ तोड़ देंगे-पाटिल - rashtrmat.com

RSS पर उंगली उठाने वाले का हाथ तोड़ देंगे-पाटिल

  राष्ट्रमतन्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने अयोध्या के श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सवाल उठाए। इसको लेकर अब सियासत तेज हो गई है। दिग्विजय सिंह के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने हमला बोला है।बुरहानपुर पहुंचे खंडवा संसदीय क्षेत्र के बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि अगर कोई भी आरएसएस की ओर उंगली उठाएगा तो उसकी उंगली और उसके हाथ तोड़ देंगे।

पार्टी का भी सत्यानाश किया हुआ

बीजेपी सांसद ने मीडिया से बाचतीत में कहा,दिग्विजय सिंह क्या कहते हैं और ऐसी बातें कहकर उन्होंने खुद का और उनकी पार्टी का भी सत्यानाश किया हुआ है। जो लोग कभी भगवान राम और रामसेतु को काल्पनिक बताते थे, प्रभु श्रीराम जी ने उनकी पार्टी की क्या स्थिति करके रखी हुई है, उनका मन काला है और उनको हर समय हिंदू समाज के ऊपर उंगली उठाने में आनंद आता है, तो राम जी उनको सदबुद्धि देते रहें। उनका जो बेड़ा पार हुआ है, वो ऐसी ही होता रहे।”

कोई भी बख्शा नहीं जाएगा- सांसद

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर चंदा चोरी के आरोपों को लेकर भी सांसद पाटिल ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “देखिए मैं कह रहा हूं ना कि जब से राम मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब से इन लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। इन लोगों की मानसिकता गुलामी की है और यह लोग अभी तक इससे बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। जिस पवित्र काम के लिए हमारी पवित्र संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ है, आरएसएस के ऊपर उंगली उठाने का किसी को कोई अधिकार नहीं है।”

इनका हाथ भी तोड़ने का काम करेंगे

बीजेपी सांसद ने आगे कहा, “चंदा चोरी और इस तरह के गलत आरोप लगाने का काम नहीं करना चाहिए। जो कर्मचारी और जो दोषी हैं, कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। आरएसएस पर जो ये उंगली उठाने का काम कर रहे हैं, उनकी उंगली भी और हाथ भी तोड़ दिया जाएगा। प्रभु श्रीराम इनका हाथ भी तोड़ने का काम करेंगे।”

दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था?

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मंदिर में बिना कलश स्थापना के ही प्राण प्रतिष्ठा की गई और भगवान राम की प्रतिमा का रंग भी काला है। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं वजहों से देश में ‘दंड’ मिल रहा है और वर्तमान की अप्रिय घटनाएं इसी का नतीजा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *