राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले में फरार स्थाई वारंटियों एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भरवेली पुलिस और साइबर सेल ने लगभग आठ वर्षों से फरार चल रहे वारंटी बिसराम दमाहे को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी के खिलाफ सात वारंट थे।

पहचान बदल कर रहता था
थाना भरवेली की पुलिस ने पिछले आठ वर्षो से फरार चल रहे ग्राम जागपुर के बिसराम दमाहे पिता समरत दमाहे 50 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्थान बदलकर पुलिस से बचता रहा। इसके बाद साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी वर्तमान लोकेशन का पता लगाया। और उसे महाराष्ट्र के गोदिया जिले के ग्राम कुड़वा से गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ सात वारंट थे
आरोपी के खिलाफ थाना भरवेली में 4 स्थाई वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट लंबित था। जबकि थाना कोतवाली बालाघाट में भी उसके विरुद्ध 2 स्थाई वारंट जारी थे। इस प्रकार कुल 6 स्थाई वारंट एवं 1 गिरफ्तारी वारंट सहित 7 न्यायालयीन वारंट लंबित थे।
गिरफ्तारी अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई भरवेली पुलिस और साइबर सेल के बेहतर समन्वय सतत निगरानी तथा तकनीकी अनुसंधान का उत्कृष्ट उदाहरण है। लंबे समय से फरार वारंटी की गिरफ्तारी से न्यायालयीन मामलों के निराकरण में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिले में फरार आरोपियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।