सप्लीमेंट्री पेपर में फेल होने पर 9वीं के छात्र ने सुसाइड किया - rashtrmat.com

सप्लीमेंट्री पेपर में फेल होने पर 9वीं के छात्र ने सुसाइड किया

राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ढिमरटोला की पीएम आवास कॉलोनी में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यूनिक उर्फ साहिल उरकुड़े (15) नामक इस छात्र ने नौवीं कक्षा की पुन:परीक्षा में फेल होने के बाद यह कदम उठाया। शनिवार को जिला अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पंखे से फांसी लगा ली

जानकारी के अनुसार, यूनिक नगर के सांदीपनी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। मुख्य परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने के बाद उसने पुन:परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम 25 तारीख को घोषित हुआ। इसमें वह फेल हो गया था। इसी बात से परेशान होकर उसने अपने घर के कमरे में खुद को बंद कर पंखे से फांसी लगा ली।

आत्महत्या  की जानकारी नहीं दी

अस्पताल से मिली जानकारी के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव पंचनामा बनाया। प्रधान आरक्षक सूर्यकांत मरकाम ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों ने अभी तक आत्महत्या के संबंध में कोई विशेष जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परीक्षा  परिणाम की जानकारी नहीं

यूनिक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता संदीप उरकुड़े ने बताया कि यूनिक अक्सर दरवाजा बंद करके सो जाता था। इसलिए जब काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पड़ोस के घर से खिड़की के रास्ते अंदर देखा। तब यूनिक फांसी पर लटका हुआ मिला।पिता ने यह भी बताया कि पुन:परीक्षा के परिणाम की उन्हें   जानकारी नहीं थी, लेकिन शायद यूनिक को अपने दोस्तों से कुछ पता चला था, जिससे वह परेशान था। घटना से पहले, यूनिक ने अपनी छोटी बहन को मोबाइल देकर कहा था कि वह सो रहा है और उसे परेशान न किया जाए। इसके बाद वह कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *