खर्रादार नदी के पास चौकीदार का शव मिला - rashtrmat.com

खर्रादार नदी के पास चौकीदार का शव मिला

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में खर्रादार नदी पर बन रहे पुल के पास एक सूखे नाले से पिछले चार दिनों से लापता चौकीदार बिंटु वल्के (55 वर्ष) का शव मिला है। रमगढ़ी के रहने वाले बिंटु बीते 20 जून से लापता थे और बुधवार को उनका शव काफी क्षत-विक्षत (डी-कंपोज्ड) हालत में मिला।

सूखे नाले में शव मिला

बिरसा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि बिंटु निर्माणाधीन पुल की साइट पर बतौर चौकीदार काम करते थे। वे 20 जून की शाम को घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे।घरवालों ने काफी खोजबीन करने के बाद 21 जून को बिरसा थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को पुलिस को पुलिया के पास सूखे नाले में उनका शव होने की सूचना मिली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थाना प्रभारी के मुताबिक, शव की हालत को देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई है। हालांकि, यह हादसा है, स्वाभाविक मौत है या इसके पीछे कोई साजिश है, इसका असली पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिरसा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी  है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *