ठप विकास कार्यों को लेकर BJP ने किया बीरगांव नगर निगम का घेराव - rashtrmat.com

ठप विकास कार्यों को लेकर BJP ने किया बीरगांव नगर निगम का घेराव

 राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)।भारतीय जनता पार्टी बीरगांव मंडल, मां बंजारी मंडल, भाजपा पार्षद दल एवं नागरिकों द्वारा बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्था, सफाई व्यवस्था की बदहाली, पेयजल समस्या एवं ठप पड़े विकास कार्यों के विरोध में नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया।

महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी

भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक सुबह 11 बजे बुधवारी बाजार में एकत्र हुए, जहां से रैली के रूप में निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, रायपुर शहर प्रभारी राजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक नंदकुमार साहू सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा

भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीरगांव नगर निगम में पिछले साढ़े चार वर्षों में जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। प्रदेश के अन्य नगर निगम क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, लेकिन बीरगांव में सफाई, सड़क, नाली, बिजली जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं।

पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए राशि उपलब्ध कराई गई, लेकिन इसके बावजूद बीरगांव में अपेक्षित विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। गर्मी के समय भी लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा।न्होंने कहा कि बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में विकास की गति थम गई है। आने वाले समय में जनता कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को जवाब देगी और भाजपा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की नई शुरुआत होगी।

समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं

वार्डों में नालियों की सफाई नहीं हो रही है, ब्लीचिंग पाउडर और लार्वाहिट का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में भी अव्यवस्था का आलम है। सड़कों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। नगर निगम प्रशासन पर महापौर का नियंत्रण नहीं रह गया है, जिसके कारण समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

जल आवर्धन योजनाअब तक पूरा नहीं

ओमप्रकाश साहू ने कहा कि 104 करोड़ की जल आवर्धन योजना का कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के बाद भी घरों तक कनेक्शन नहीं पहुंचे हैं और जहां कनेक्शन दिए गए हैं वहां भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। जनता पूछ रही है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बाद भी मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं मिल रही हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले कई वादे किए थे, लेकिन आज तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया। महापौर की कार्यप्रणाली से जनता परेशान है और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *