राष्ट्रमत न्यूज,जबलपुर/ नई दिल्ली(ब्यूरो)। एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मीडिया से अपील की। CJI सूर्यकांत ने कहा कि हम गुजारिश करेंगे कि वे पीड़ित परिवार या दूसरे परिवार के बयानों के पीछे न भागें। चीजों को कानून के हिसाब से ही आगे बढ़ने दें।वहीं, सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश सरकार के वकील सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोप लगाया कि ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह जांच में बाधा डाल रही हैं।उधर, जबलपुर हाईकोर्ट में ट्विशा की सास रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह को भोपाल जिला अदालत से मिली अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग पर सुनवाई होनी है।

ट्विशा की 13 दिन पहले मौत हुई थी
33 साल की ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का दावा है कि वह ड्रग एडिक्ट थी। ट्विशा का अंतिम संस्कार 24 मई को हुआ।
सुप्रीम कोर्ट ने आरोप को नोटिस में लिया
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि मीडिया में छपी एक खबर में ज्यूडिशियरी की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए। यह बताया गया कि ट्विशा का पति एक वकील है और मां पूर्व जिला जज हैं। सवाल यह था कि क्या जांच में अनुचित प्रभाव डाला जा सकता है। यह भी कहा गया कि कोर्ट की संलिप्तता के कारण निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई। इसलिए हमने खुद एक्शन लेते हुए कार्यवाही शुरू की।

हाईकोर्ट में सुनवाई टल सकती है
वहीं, हाईकोर्ट में ट्विशा की सास रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह को भोपाल जिला अदालत से मिली अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग पर सुनवाई होनी है। संबंधित याचिकाएं मध्य प्रदेश शासन और ट्विशा के पिता की ओर से दायर की गई हैं। जस्टिस देवनारायण मिश्रा की कोर्ट में 149 नंबर पर शेड्यूल्ड है। लंच के बाद सुनवाई हो सकती है।
ससुरालवालों पर हत्या का आरोप
उधर, भोपाल जिला अदालत में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की 12 मई से 20 मई तक की कॉल डिटेल और भोपाल एम्स के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने संबंधी आवेदन पर सुनवाई होगी।एडवोकेट पंकज दुबे का कहना है कि हाईकोर्ट में गिरिबाला की जमानत पर सुनवाई टल सकती है। हाईकोर्ट अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार कर सकता है। ट्विशा की मौत को ससुराल पक्ष आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।