राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अस्पताल में डीएम कॉर्डियोलॉजी के लिए चार सीटों की स्वीकृति हो गई है। अब यहाँ इस वर्ष से डीएम कॉर्डियोलॉजी की पढ़ाई होगी। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा एवं हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में रीवा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है।

हृदय रोग शिक्षा प्राप्त करेंगे
शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, रीवा को शैक्षणिक सत्र 2025-26 से डीएम कार्डियोलॉजी)
पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने की अनुमति प्राप्त हो गई है। संस्थान को कुल चार डीएम कार्डियोलॉजी सीटों की स्वीकृति मिली
है। हाल ही में घोषित नीट एसएस 2025-26 के परिणाम के पश्चात अब चयनित विद्यार्थी रीवा में प्रवेश लेकर सुपरस्पेशियलिटी स्तर की हृदय रोग शिक्षा प्राप्त करेंगे। इससे न केवल विंध्य क्षेत्र बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में उन्नत कार्डियोलॉजी सेवाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। डीएम कार्डियोलॉजी पाठ्यक्रम प्रारम्भ होने से रीवा मेडिकल कॉलेज अब सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नए आयाम की ओर अग्रसर होगा तथा क्षेत्रीय मरीजों को अत्याधुनिक हृदय उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा।
बाहर के मरीज भी यहाँ इलाज के लिए आएं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सतत प्रयास किया गया। साथ ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन, अधिष्ठाता तथा कार्डियोलॉजी विभाग के समस्त फैकल्टी सदस्यों के निरंतर शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रयासों से यह लक्ष्य संभव हो सका है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से मरीजों को अन्यत्र रेफर न किए जाने के प्रयास हों, बल्कि बाहर के मरीज भी यहाँ इलाज के लिए आएं।
इंसेन्टिव के विषय में भी जानकारी ली
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इस अस्पताल में डीएम कॉर्डियोलॉजी के पद स्वीकृत हुए हैं। शीघ्र ही यहाँ अन्य विभागों में एमसीएच की सीटें भी स्वीकृत होंगी। श्री शुक्ल ने बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा कार्यरत चिकित्सकों की पदोन्नति व उनको मिलने वाले इंसेन्टिव के विषय में भी जानकारी ली।