राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। चेक बाउंस मामले में2.5 करोड़ रुपए का भुगतान राजपाल यादव कर चुके है। विपक्षी पक्ष ने जमानत याचिका पर कोई जवाब नहीं दिया था। इसलिए सुनवाई स्थगित करनी पड़ी।अदालत के आदेश का पालन नहीं होने की वजह से उन्हें तीन महीने के लिए जेल भेजा गया है।

पैसा कब और कैसे देंगे
चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है। 12 फरवरी को दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई 16 फरवरी तक स्थगित कर दी है। जिसके बाद उनके वकील भास्कर ने मीडिया को बताया कि एक्टर ने लोन की राशि में से 2.5 करोड़ का भुगतान कर दिया है और वो बकाया पैसा देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने बताया कि एक्टर की जमानत याचिका पर सुनवाई इसलिए टाली गई है क्योंकि विपक्षी पक्ष ने जमानत याचिका पर कोई जवाब नहीं दिया था। इसके अलावा वकील ने बताया कि अदालत ने यादव से पूछा है कि वह बकाया पैसा कब और कैसे देंगे।
सुनवाई योग्यता के आधार पर हो
अदालत के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए यादव के वकील भास्कर ने कहा, “विपक्षी पक्ष ने हमारी जमानत याचिका का जवाब नहीं दिया, इसलिए सुनवाई स्थगित करनी पड़ी। हमने अदालत से अनुरोध किया कि वह जेल में राजपाल से मुलाकात करे। अदालत उनके भुगतान दायित्वों को लेकर अड़ी रही। हम चाहते हैं कि हमारे मामले की सुनवाई योग्यता के आधार पर हो। हमने इसी आधार पर जमानत याचिका दायर की है और सोमवार तक जवाब मिलने की उम्मीद है।” उन्होंने आगे कहा कि सुनवाई से पहले उन्होंने राजपाल से बात करने की कोशिश की थी, लेकिन नहीं हो पाई।
राजपाल ने भुगतान से इनकार नहीं किया
भास्कर ने बताया कि ये सारा विवाद राजपाल की फिल्म में एक फाइनेंसर द्वारा किए गए 5 करोड़ रुपये के निवेश से शुरू हुआ। जिस राशि को राजपाल ने कभी भी चुकाने से इनकार नहीं किया था। उन्होंने कहा, “5 करोड़ रुपये को लेकर एक समझौता हुआ था, जिसे बाद में अदालत ने आदेश के रूप में लागू किया। लेकिन जब तय समय पर पैसा देने की बात आई, तो दूसरे पक्ष ने पैसा लेने से ही इनकार कर दिया। मामला लंबे समय तक चलता रहा। बाद में उन्होंने अपनी याचिका वापस ले ली, लेकिन साथ ही राजपाल को जेल भेजने की मांग भी की। अदालत के आदेश का पालन न होने के कारण उन्हें तीन महीने की सजा सुनाई गई।”