BJP अध्यक्ष ने 70 लाख की टैक्स चोरी की,पद से इस्तीफा देंः मुंजारे - rashtrmat.com

BJP अध्यक्ष ने 70 लाख की टैक्स चोरी की,पद से इस्तीफा देंः मुंजारे

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले की राजनीति में जीएसटी छापे के बाद उबाल चरम पर है। सत्तारूढ़ भाजपा के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे के कार्यालय पर 15 जनवरी को जीएसटी विभाग की छापे की कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है और जिलाध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे को तत्काल पद से हटाने की मांग भी की है।


BJP राज में भ्रष्टाचार चरम पर
कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले बीस वर्षों से भाजपा सत्ता में है और सत्ता के घमंड में भाजपा नेताओं को यह भ्रम हो गया है कि प्रशासन और जांच एजेंसियां भी उनके नियंत्रण में हैं। इसी अहंकार के चलते भ्रष्टाचार बेलगाम हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार अब केवल अपनी साख बचाने के लिए चुनिंदा कार्रवाई कर रही हैए जबकि बड़े घोटाले दबाए जा रहे हैं।
बताएं क्यों जीएसटी ने छापा मारा
विधायक अनुभा मुंजारे ने पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे की संपत्ति पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि 25 वर्ष पूर्व वे एक सामान्य परिवार से थे, लेकिन दो बार विधायक और एक बार मंत्री रहने के बाद इतनी अकूत संपत्ति कहां से आई कि जीएसटी विभाग को छापा मारना पड़ा। जीएसटी जांच में करीब 70 लाख रुपये की टैक्स चोरी सामने आना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने दावा किया कि यदि निष्पक्ष और गहन जांच हो तो करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी उजागर हो सकती है।


डेढ़ करोड़ की पेनाल्टी
गौरतलब है कि जीएसटी विभाग ने भाजपा जिला अध्यक्ष के कार्यालय सहित उनके भाई की फर्म हर्ष कंस्ट्रक्शन और एक सहयोगी कंस्ट्रक्शन कंपनी पर कार्रवाई करते हुए डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की पेनल्टी लगाई है। इस पूरे मामले के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस विधायक ने स्पष्ट किया है कि वह यह मुद्दा विधानसभा में भी जोरशोर से उठाएंगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी।