धान के लिए पानी और बिजली की मांग को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन - rashtrmat.com

धान के लिए पानी और बिजली की मांग को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट/कटंगी(ब्यूरो)। रबी मौसम में धान की सिंचाई के लिए पानी,और समर्थन मूल्य पर खरीदी गई धान का उठाव के अलावा 24 घंटे बिजली की मांग को लेकर बालाघाट के नाराज किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।वहीं कटंगी में बिजली की मां को लेकर किसान गर्जना ने बैठक की और 26 दिसम्बर को धरना और प्रदर्शन करने का फैसला किया।


नहरों से पानी और 24 घंटे बिजली दें
किसान थानेन्द्र ठाकरे ने बताया कि बालाघाट की भौगोलिक स्थिति और नम भूमि के कारण यहां रबी मौसम में भी धान की खेती की जाती है। इसके लिए पर्याप्त सिंचाई जल की आवश्यकता होती है। किसानों की मांग है कि बांधों में उपलब्ध पानी नहरों के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाए। ताकि फसल को बचाया जा सके।इसके साथ ही सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली दी जाएं
खरीदी के साथ उठाव हो

किसानों ने बताया कि लालबर्रा क्षेत्र में सहकारी समितियों द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, लेकिन परिवहन व्यवस्था न होने के कारण खरीदी गई धान का उठाव नहीं हो पा रहा है। इससे गोदामों में धान जमा नहीं हो पा रही और किसानों को भुगतान मिलने में देरी हो रही है।
आंदोलन और तेज किया जाएगा

धान का भुगतान समय पर न मिलने से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि खेती के लिए लिए गए कर्ज, मजदूरी और अन्य खर्चों का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। किसानों ने सरकार से विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए लाभकारी मूल्य के वादे को जल्द पूरा करने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कटंगी में 26 को बिजली को लेकर धरना
कटंगी में किसान गर्जना संगठन शुक्रवार 26 दिसंबर को धरना प्रदर्शन कर सहायक यंत्री को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपेगा। इसी धरना प्रदर्शन की तैयारी को लेकर किसान गर्जना संगठन के पदाधिकारी ने स्थानीय विश्रामगृह में बैठक की। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष राहंगडाले, ब्लाक अध्यक्ष भरत लाल बिसेन, ओमप्रकाश बिसेन, सुनील बोपचे, सतीश जोशी, रवि भगत, सागर गौतमए गोविंद राम चैधरी और गणेश गौतम मौजूद रहे।
सिर्फ आठ घंटे बिजली मिल रही
ब्लाक अध्यक्ष ने बताया फीडर सेपरेशन के बाद कृषि फीडर को 8 घंटे बिजली मिल रही है। जिससे किसान रबी के सीजन में भी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहा है। कृषि फीडर में दी जाने वाली बिजली सुबह 4 घंटे और रात में 4 घंटे दी जा रही है ऐसे में किसान को फसलों की सिंचाई करने के लिए रात में खेतों की तरफ भागना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *