सामाजिक काम से सरोकार की मिसाल पेश की रीवा पुलिस - rashtrmat.com

सामाजिक काम से सरोकार की मिसाल पेश की रीवा पुलिस

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। सामाजिक काम से सारोकार की एक मिसाल रीवा की पुलिस ने पेश की।वर्दी से करूणा उभरी। और एक बछिया की जान थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल बचाने में सफल हो गए। एक कार के नीचे फंसी बछिया को बचाकर शिवा अग्रवाल ने गाय की ममता को जीवंत कर दिया। पुलिस की कार्य प्रक्रिया को देखने वालों ने कहा, वाह।क्या खूब।

मदद मांग रही थी गाय
रीवा अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल अपने पुलिस स्टाफ के साथ गुरुवार की शाम क्षेत्र में पैदल गश्त पर थे। तभी सड़क किनारे एक दर्दनाक दृश्य दिखाई दिया। एक गाय की बछिया कार के नीचे फंसी हुई  तड़प रही थी।वहीं पास उसकी मां खड़ी थी जो व्याकुल हो रही थी। उसकी आंखें बता रही थी कि वो लोगों से मदद मांग रही है।


बछिया को बाहर निकाला
स्थिति बेहद नाजुक थी। अगर कार को आगे या पीछे किया जाता तो बछिया की जान जा सकती थी। ऐसे में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने मिलकर मानव श्रृंखला बनाते हुए कार को कंधों के सहारे ऊपर उठाया और बछिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गाय बछिया को चाटने लगी
बछिया की माँ पूरी घटना के दौरान पास में खड़ी रही और जैसे ही उसकी संतान सुरक्षित बाहर आई वह उसे चाटने लगी। इस भावुक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की सबने प्रशंसा की। निश्चय ही जब कभी ऐसा काम वर्दीधारी लोग करते हैं तो बरबस मुंह से निकल पड़ता है,वर्दी के पीछे कानून की रक्षा के साथ करूणा भी है।