फायर एक्ट के तहत नियमविरुद्ध संचालित 3 रेस्टोरेंटों के रूफटॉप किचन सील - rashtrmat.com

फायर एक्ट के तहत नियमविरुद्ध संचालित 3 रेस्टोरेंटों के रूफटॉप किचन सील

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। शहर में अग्नि सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर चल रहे प्रतिष्ठानों पर
नगर निगम रीवा ने सख्त कार्यवाही शुरू कर दी है। निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार एवं फायर ऑफिसर   दीपक सिंह तोमर के नेतृत्व में शहर के तीन रेस्टोरेंटों के फटॉप किचन सील कर दिए। अवैध रूप से ये रूफटॉप किचन धुआं रेस्टोरेंट, ब्रह्मा होटल और ड्रिंक्स एंड डाइन द्वारा चलाए जा रहे थे।

नगर निगम रीवा की पहली कार्यवाही
मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद इस अधिनियम के तहत यह पहली कार्यवाही है। नगर निगम रीवा द्वारा नए फायर एक्ट के तहत सीलिंग की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इस कार्यवाही के माध्यम से निगम ने शहर के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन का स्पष्ट संदेश दिया है। मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 के अनुसार भवन की छत पर किचन चलाना नियम विरुद्ध है। टीम द्वारा निरीक्षण में पाया गया कि तीनों प्रतिष्ठान छत पर किचन चला रहे थे। छत पर गैस सिलेंडर और भट्टियों के साथ खाना बनाने से आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। निगम की टीम द्वारा 6 सिलेंडर भी जब्त की गई है ।

नियमों की लगातार अनदेखी

गौरतलबहै कि आग लगने पर ऊपरी मंजिल से लोगों को निकालना और राहत-बचाव करना भी बहुत कठिन हो जाता है। नगरनिगम ने संबंधित संचालकों को इस संबंध में बार-बार नोटिस देकर रूफटॉप किचन हटाने और अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी संचालकों ने सुधार नहीं किया और नियमों की लगातार अनदेखी करते रहे।इसे नागरिकों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा मानते हुए फायर टीम ने मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीनसेवाएं अधिनियम, 2026 के प्रावधानों के तहत तीनों किचन मौके पर ही सील कर दिए।

अग्नि सुरक्षा के मानक पूरे करें

निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नया फायर एक्ट लागू होने के बाद भवन स्वामी और संचालक अपने परिसर में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम रखने के लिए सीधे जिम्मेदार हैं। उन्होंने सभी होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों और व्यावसायिक भवनों के संचालकों से कहा कि वे तुरंत अग्नि सुरक्षा के मानक पूरे करें और जरूरी अनुमतियां लें। उन्होंने बताया कि निगम की फायर टीम शहर में लगातार निरीक्षण करेगी। नियम तोड़ने वाले प्रतिष्ठानों पर बिना किसी भेदभाव के सीलिंग और दंड की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।  कार्यवाही के दौरान उपयंत्री  श्याम सुंदर मिश्रा,  शुभम तिवारी, अमन सिंहतिवारी, आशुतोष पांडे, अतिक्रमण प्रभारी सुखेंद्र चतुर्वेदी, लीडिंग फायरमैन  राशिद खान के साथ पुलिस बल और अतिक्रमण दस्ता मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *