राष्ट्रमत न्यूज लखनाऊ/आगरा(ब्यूरो)। आगरा के मधु नगर (थाना सदर) स्थित आरएमओ तिराहे के पास बुधवार सुबह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के डंपर ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को टक्कर मार दी। पुत्री स्कूटी सहित डंपर में फंस गई। पिता उछलकर दूर जा गिरे। चालक ने डंपर नहीं रोका और उसे करीब 15 मीटर तक घसीट ले गया। राहगीरों की भी चीख निकल गई। पुलिस के पहुंचने पर आधा घंटे में छात्रा को बाहर निकाल लिया गया लेकिन तब तक मौत हो गई।

नीट की तैयारी कर रही थी
सुदामा पुरम काॅलोनी, सेवला जाट निवासी उमेश सिंह फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी 15 वर्ष की रिया 9वीं की छात्रा थी। वह पढ़ाई के साथ एक कोचिंग में नीट की तैयारी कर रही थी। बुधवार सुबह 7:30 बजे पिता उसे स्कूटी से राजपुर चुंगी स्थित कोचिंग सेंटर लेकर जा रहे थे। वह ग्वालियर हाईवे से होते हुए आरएमओ चौराहे के पास पहुंचे।
दौड़ाने पर रोककर भाग गया
उन्हें नाैलक्खा की तरफ जाना था। पिता ने स्कूटी को उस तरफ जाने के लिए मोड़ा, तभी पीछे से गिट्टी-डामर के मिक्सचर से लदे डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। उमेश उछलकर एक तरफ गिर गए जबकि रिया डंपर की चपेट में स्कूटी सहित आ गई। वह शोर मचाते रहे लेकिन चालक ने डंपर को नहीं रोका। वह रिया को घसीटता रहा, लोगों के दौड़ाने पर रोककर भाग गया।