खुले में पड़ा 26 हजार टन धान एक हफ्ते में पहुंचाएं गोदाम:कलेक्टर - rashtrmat.com

खुले में पड़ा 26 हजार टन धान एक हफ्ते में पहुंचाएं गोदाम:कलेक्टर

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में धान खरीदी खत्म हुए 12 दिन बीत जाने के बाद भी जिले में हजारों टन धान खरीदी केंद्रों पर खुले आसमान के नीचे पड़ी है। इस वजह से न केवल धान खराब होने का डर है, बल्कि किसानों का भुगतान भी अटका हुआ है।सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में कलेक्टर मृणाल मीणा ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।

 किसानों के जल्द पैसे मिलेंगे

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में 26,293 मीट्रिक टन धान का परिवहन होना बाकी है। प्रशासन ने इस धान को सुरक्षित रखने के लिए नए गोदाम भी ले लिए हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि अगले एक सप्ताह के भीतर पूरी धान को गोदामों में शिफ्ट कर दिया जाएगा, ताकि किसानों को जल्द से जल्द उनके पैसे मिल सकें।

7 फरवरी से शुरू होगा गेहूं का पंजीयन

जानकारी के अनुसार अब रबी सीजन की तैयारी शुरू हो गई है। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीयन7 फरवरी से 7 मार्च तक चलेगा। जिले में इसके लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं।इसके लिए ऑनलाइन कियोस्क, लोक सेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर या साइबर कैफे पर जाकर 50 रुपए फीस देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

 तत्काल समाधान करें

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि प्रसूति सहायता के जितने भी पात्र मामले रुके हुए हैं, उन्हें जल्द निपटाकर महिलाओं को राशि दी जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का भी तुरंत समाधान करने को कहा गया है।