थाने में युवक की पिटाई,112 के चालकों के खिलाफ FIR - rashtrmat.com

थाने में युवक की पिटाई,112 के चालकों के खिलाफ FIR

राष्ट्रमत न्यूज रीवा(ब्यूरो)। मऊगंज जिले में पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगा है। पन्नी गांव के मनोज साकेत ने दावा किया है कि पुलिस ने उन्हें घर से उठाकर थाने में उल्टा लटकाकर पीटा। इस मामले में बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।


दो दिन बाद रिपोर्ट दर्ज
मनोज साकेत के बयान के अनुसार 15 अक्टूबर की शाम वह अपने रिश्तेदार विकास साकेत के साथ एक अंडे की दुकान में अंडा खाने गए थे। जहां उसका धरमराज मिश्रा,बाबा कोल और पोले कोल से विवाद हो गया था। उसी रात से विकास लापता है। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए मगर पुलिस ने दो दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस दो दिन थाने में रखी
मनोज साकेत ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात लगभग 12 बजे दो वाहनों में पुलिस कर्मी आए थे। बिना कुछ बताए अपने साथ थाने ले गए। मनोज साकेत ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि थाने के महिला ऊर्जा डेस्क के कमरे में उन्हें उल्टा लटकाकर पुलिस वालों ने पीटा। उसके मुंह में कागज ठूंस दिया गया था ताकि आवाज न निकल सके।डंडों से पिटाई की गई। पुलिस दो दिन तक थाने में रखी और इलाज करा कर घर भेज दी।
निलंबित करने की मांग
पुलिस की इस कथित कार्रवाई के विरोध में बहुजन समाज पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मंगलवार शाम एसपी कार्यालय पहुंचे। जिला अध्यक्ष अनीता सुमन के नेतृत्व में एक ज्ञापन सौंपा गया। इसमें मनोज साकेत के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने और लापता विकास साकेत की तलाश तेज करने की मांग की गई है।


मनोज के साथ थाने में मारपीट हुई
मनोज के साथ मारपीट का मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुचने पर मऊगंज पुलिस ने आरोपों को छिपाने के लिए 112 के दो चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी संदीप भारती ने स्वयं को फरियादी बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें यह स्वीकार किया गया है कि मनोज साकेत के साथ थाने में मारपीट हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह,मऊगंज ने कहा कि मनोज साकेत के साथ कोई विवाद हुआ था। अंडा खाने गए थे। उसके बाद से उनका रिश्तेदार विकास साकेत लापत है। गुमशुदगी की कायमी कर ली गयी है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

मेेरे बेटे को पुलिस ढूंढ कर ला दे
लापता विकास साकेत की मां ने कहा कि उसका बेटा लापता है। हम चाहते हैं पुलिस उसके बेटे को ढूंढ कर लाए। विवाद के दिन से वो लापता है। मनोज साकेत के साथ जिन्होने अंडा खाने जहां गए थे मारपीट की,उन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है। मैं किसी पर सीधा आरोप नहीं लगा रही हूं। मैं सिर्फ इतना चाहती हूं कि मेेरे बेटे को पुलिस ढूंढ कर ला दे। वहीं दूसरी ओर लापता युवक विकास साकेत का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने एसपी दिलीप सोनी को ज्ञापन सौंपकर बेटे की तलाश और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मऊगंज पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।गांव के आसपास सर्च अभियान जारी है टीम लगातार लापता युवक की तलाश में लगी हुई है।