BLO ऐप में मतदाताओं की जानकारी अपडेट कराएं -संजीव - rashtrmat.com

BLO ऐप में मतदाताओं की जानकारी अपडेट कराएं -संजीव

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  संजीव कुमार झा ने जिला निर्वाचन अधिकारी तथा रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का प्रशिक्षण दिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी सभी बीएलओ और रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रशिक्षण दें।

जानकारी अपडेट कराएं

बीएलओ ऐप में मतदाताओं से जुड़ी जानकारी अपडेट कराएं। वर्ष 2003 में गहन पुनरीक्षण के आधार पर मतदाता सूची तैयार की गई थी। यह सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। बीएलओ 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर की अवधि में घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता की जानकारी गणना पत्रक में दर्ज करें। गणना पत्रक की एक प्रति मतदाता को प्रदान करें। गणना
पत्रक में मतदाता से जुड़ी अन्य जानकारियाँ दर्ज हैं। इसके आधार पर मतदाता का सत्यापन करें।

गणना पत्रक सावधानी से भरें

मतदाता के माता, पिता अथवा अन्य निकट संबंधी का नाम यदि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है तो उसे बीएलओ उसे प्रमाणित कर दें। श्री झा ने कहा कि गणना पत्रक पूरी सावधानी से भरें। वर्ष 2003 के डाटा तथा वर्तमान मतदाता सूची की
तुलना करने पर लगभग 90 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन हो जाएगा। इसके बाद बीएलओ मृत मतदाता, शिफ्टेड तथा डुप्लीकेट मतदाता का चिन्हांकन करें। मतदाता अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य का नाम यदि देश के किसी भी मतदान केन्द्र की मतदाता सूची में दर्ज है तो उसका सत्यापन हो जाएगा।

व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं

जिनका सत्यापन नहीं हो पाएगा उनके लिए 12 तरह के दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं। कलेक्टर इस बात को सुनिश्चित करें कि बीएलओ कम से कम तीन बार प्रत्येक घर का भ्रमण करके गणना पत्रक भरवाएं और बीएलओ ऐप में अपलोड करें।
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के संबंध में यदि कोई शिकायत मिलती है तो उसका तत्काल परीक्षण कराकर सही तथ्य संचार माध्यमों से आमजनता तक पहुंचाएं। मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। सभी आरओ और एआरओ गहन पुनरीक्षण के संबंध में दिए गए निर्देशों का भलीभांति अध्ययन करके तय समय सीमा में पुनरीक्षण का कार्य पूरा कराएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की  जाएगी।  कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा मास्टर ट्रेनर बैठक में उपस्थित रहे।