राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में कटंगी क्षेत्र के खिड़कीघाट में शनिवार को मक्के से लदा एक ट्रक पलट गया। ट्रक के पलटने से सिवनी जिले के कुरई निवासी राजकुमार धुर्वे 30 की मौत हो गई। यह हादसा सुबह 11 से 12 बजे के बीच हुआ। ट्रक सिवनी से मक्का लेकर इथेनाल प्लांट जा रहा था।

अनियंत्रित होने से ट्रक पलटा
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक दीपक रजक और क्लीनर राजकुमार धुर्वे सिवनी से कटंगी स्थित इथेनाल प्लांट के लिए मक्का लेकर आ रहे थे। खिड़कीघाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।हादसे में चालक दीपक रजक को मामूली चोटें आईं, लेकिन क्लीनर राजकुमार धुर्वे उछलकर जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अन्य ट्रक चालकों और परिचालकों की मदद से पहले कटंगी अस्पताल ले जाया गया।

जिला अस्पताल रेफर
कटंगी अस्पताल से राजकुमार को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की।शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की मर्ग डायरी संबंधित थाना क्षेत्र को भेजी जाएगी, जहां आगे की जांच की जाएगी।