अवैध रेत खनन रोकने बैन गंगा नदी पर बना अस्थायी पुल ध्वस्त - rashtrmat.com

अवैध रेत खनन रोकने बैन गंगा नदी पर बना अस्थायी पुल ध्वस्त

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिला प्रशासन द्वारा रेत के अवैध रूप से उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्यवाही की जा रही है। अवैध रेत खनन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के आधार पर 24 दिसंबर 2025 को तहसीलदार बालाघाट एवं खनिज विभाग के अमले द्वारा बालाघाट तहसील के ग्राम गायखुरी स्थित वैनगंगा नदी में संयुक्त कार्यवाही की गई है।

रेत का खनन न किया जा सके

उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने बताया कि गायखुरी में वैनगंगा नदी से अवैध रूप से खनिज रेत के उत्खनन एवं परिवहन में उपयोग के लिए नदी में बने अस्थायी पुल को जे.सी.बी. मशीन के माध्यम से ध्वस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही मार्ग को पूर्णतः अवरुद्ध कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई गई है। जिससे नदी से अवैध रूप से रेत का खनन न किया जा सके।

सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

उप संचालक सुश्री फरहत जहां ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सतत निगरानी एवं कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।