गूगल से टोल-फ्री नंबर पर बात की, APK डाइनलोड करते ही कट गए पैसे - rashtrmat.com

गूगल से टोल-फ्री नंबर पर बात की, APK डाइनलोड करते ही कट गए पैसे

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)।  बालाघाट में साइबर ठगों ने दो लोगों को अपना निशाना बनाया और उनके खातों से कुल 1 लाख 13 हजार रुपए साफ कर दिए। ठगों ने दोनों ही मामलों में मोबाइल पर एक APK फाइल डाउनलोड करवाई और पलक झपकते ही पैसे उड़ा लिए। ठगी का शिकार हुए लोगों में एक तिब्बती व्यापारी और एक हाउसवाइफ शामिल हैं।

खाते से 90 हजार रुपए कट गए

पहला मामला बालाघाट में गर्म कपड़े बेचने आए एक तिब्बती व्यापारी का है। उन्होंने ‘Safe Express’ नाम की कंपनी से सामान बुक किया था, जिसमें देरी हो रही थी। जब उन्होंने टोल-फ्री नंबर पर बात की, तो उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने सामान की लोकेशन चेक करने के बहाने एक फाइल (APK) भेजी और उसे डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही व्यापारी ने वह फाइल डाउनलोड की, उनके खाते से 90 हजार रुपए कट गए।

23 हजार रुपए निकल गए

दूसरा मामला एक महिला के साथ हुआ, जिन्होंने गूगल पर ‘राधिका क्लोथिंग स्टोर’ का नंबर सर्च करके फोन लगाया था। ठगों ने बातों में फंसाकर उनसे भी एक फाइल डाउनलोड करवा ली। इसके तुरंत बाद उनके यूपीआई (UPI) अकाउंट से 23 हजार रुपए निकल गए। दोनों पीड़ितों ने साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

गूगल के नंबरों पर  भरोसा न करें

साइबर सेल के प्रभारी ने लोगों को चेतावनी दी है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सीधे गूगल पर सर्च करके उस पर भरोसा न करें, क्योंकि ठग वहां फर्जी नंबर डाल देते हैं।अगर कोई अनजान व्यक्ति आपको कोई लिंक या APK फाइल भेजकर डाउनलोड करने को कहे, तो उसे बिल्कुल न खोलें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से आपका मोबाइल हैक हो सकता है और बैंक खाता खाली हो सकता है।