राष्ट्रमत न्यूज,टोक्यो। जापान को पहली बार महिला प्रधानमंत्री मिलने जा रही है। सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने पूर्व आर्थिक सुरक्षा मंत्री साने ताकाइची को नया अध्यक्ष चुना है।जापान में बहुमत वाली पार्टी का अध्यक्ष ही पीएम बनता है। ऐसे में लगभग तय है कि वह अगली प्रधानमंत्री बनेंगी।

शिंजो आबे की करीबी मानी जाती हैं
ताकाइची पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की करीबी मानी जाती हैं। शिंजो जापान में सबसे लंबे समय तक PM रहे थे। उन्हें चीन विरोधी नेता माना जाता है।ताकाइची देश में पुरुष राजा के शासन की समर्थक हैं, साथ ही रानी के पद संभालने और शासन करने के खिलाफ हैं। इन्होंने 2004 में साथी सांसद ताकू यामामोटो से शादी की। जुलाई 2017 में राजनीतिक मतभेदों के चलते अलग हो गए। इसके बाद 2021 में फिर साथ आ गए।
पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे को हराया
ताकाइची ने पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी के बेटे को हराकर चुनाव जीता। कोइजुमी अभी देश के कृषि मंत्री हैं। ताकाइची को पीएम बनाने के लिए जल्द ही संसद में वोटिंग होगी।ताकाइची पीएम शिगेरु इशिबा की जगह लेंगी। जुलाई में हुए ऊपरी सदन के चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पार्टी में इशिबा का विरोध बढ़ गया था।LDP ने ताकाइची को ऐसे समय में चुना है जब देश में लोग महंगाई से नाराज हैं और विपक्षी पार्टियों का समर्थन करने लगे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि वे जनता का समर्थन हासिल करेंगी और सत्ता में बनी रहेंगी।