राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 इस वर्ष पुणे महाराष्ट्र में आयोजित होने रहा है जिसमें राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्रा प्रतिभागी होंगे। विगत माह भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सांदीपनि पीके स्कूल रीवा की चार छात्राएं-अंशिका तिवारी,अनुष्का द्विवेदी,श्वेता तिवारी एवं शगुन मिश्रा ने समूह लोक संगीत की प्रतियोगिता में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।अब उनकी प्रस्तुति राष्ट्रीय कला उत्सव 2025 में पुणे महाराष्ट्र में 19 दिसंबर से 25 दिसंबर के बीच होनी है।यहां यह बताना आवश्यक है कि राष्ट्रीय कला उत्सव प्रतियोगिता में पहली बार बघेली लोकगीतों की धूम मचने वाली है।
रीवा संभाग के लिए गौरव की बात
प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए विद्यालय की टीम आज प्रातः 5:00 बजे वंदे भारत ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हुई,जिन्हें पूरे राज्य स्तरीय दल के साथ 18 दिसंबर को पुणे के लिए प्रस्थान होना है। विद्यालय के प्राचार्य वरुणेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय के संगीत शिक्षक प्रफुल्ल तिवारी के निर्देशन में छात्राओं ने मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता करने जा रहीं हैं। राष्ट्रीय कला उत्सव में विद्यालय की छात्राओं की सहभागिता विद्यालय सहित समूचे रीवा संभाग के लिए गौरव की बात है।
राष्ट्रीय कला उत्सव प्रतियोगिता
प्रतिभागी दल को रीवा रेलवे स्टेशन से रवाना करने के लिए विद्यालय के शिक्षक चंद्रकान्त तिवारी एवं छात्राओं के पालक एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। राष्ट्रीय कला उत्सव प्रतियोगिता में छात्राओं के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग नीरव दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा,सहायक संचालक राजेश प्रसाद मिश्रा एवं एडीपीसी रमसा नवीन श्रीवास्तव ने शुभकामनाएं दी हैं।यहां यह बताना आवश्यक है कि राष्ट्रीय कला उत्सव प्रतियोगिता में पहली बार बघेली लोकगीतों की धूम मचने वाली है। पूरे राष्ट्रीय क्षितिज पर रीवा की छात्राएं बघेली लोकगीतों का झंडा बुलंद करेंगी।