राष्ट्रमत न्यूज,पटना/नई दिल्ली(ब्यूरो)। महागठबंधन में छह पार्टियां हैं।सबकी अपनी अपनी डिमांड है।दस सीटों पर पेंच फंस गया है।हर कोई अपना अपना उम्मीदवार खड़ा करना चाहता है।वीआईपी के मुकेश कहते हैं कि वे डिप्टी सीएम बनना चाहते हैं न कि राज्य सभा जाना चाहते हैं।तीन पार्टियों ने पांच सीटों पर अपने- अपने उम्मीदवार उतार दिये हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। मतदान 6 नवंबर को होगा। नामांकन खत्म होने के बाद भी महागठबंधन में सीटों की खींचतान खत्म नहीं हुई। कांग्रेस नेता बंटी चैधरी कहते हैं कि महागठबंधन टूटने वाला है।

राज्यसभा नहीं जाएंगे
कांग्रेस ने 48 और CPIML ने 18 कैंडिडेट के नामों का ऐलान किया है।कांग्रेस और RJD ने 5 सीटों पर अपने-अपने कैंडिडेट उतारे हैं। तीन सीटों पर CPI और कांग्रेस, एक सीट पर VIP और RJD में मुकाबला होगा। नाराज चल रहे VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे डिप्टी सीएम बनेंगे। राज्यसभा नहीं जाएंगे।

कई सीटों पर क्रॉस डिमांड है
राजद ने उम्मीदवारों की एक भी लिस्ट जारी नहीं की। नामांकन के आखिरी दिन RJD, कांग्रेस और VIP अपने-अपने उम्मीदवारों को पार्टी का सिंबल बांटते रहे। 10 सीटों पर महागठबंधन की पार्टियों ने एकदूसरे के खिलाफ उम्मीदवार को उतार दिया है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने दावा किया कि तेजस्वी यादव महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर फैसला नहीं ले पा रहे हैं। राजेश राम ने कहा- कई सीटों पर क्रॉस डिमांड है। गठबंधन में 6 पार्टियां हैं, सबकी अपनी डिमांड है। कुछ घंटे में सब कुछ क्लियर हो जाएगा।
फिर जंगल राज लाना चाहते हैं लालू
उधर, NDA की पांचों पार्टियों ने आपसी तालमेल से उम्मीदवार उतारे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 से 18 अक्टूबर तक बिहार दौरे पर हैं। वे आज पटना में भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। शुक्रवार को वे पटना के ज्ञान भवन में प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए। इसमें उन्होंने कहा- लालू नए चेहरे और नए कपड़े बदलकर फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं। इसे रोकना होगा।
माफ करते हुए एक बार वोट दीजिए
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज के नामांकन का आज छठा दिन है। गोपालपुर से जदयू विधायक गोपाल मंडल ने निर्दलीय पर्चा भरा। JDU ने इस बार उनका टिकट काट दिया है। नामांकन भरने के बाद सभा को संबोधन करते हुए गोपाल मंडल रो पड़े।उन्होंने कहा- लड़ाई आर पार की है। नीतीश कुमार को बहका कर मेरा टिकट कटवा दिया गया है। हमसे कोई गलती हुई है तो माफ करते हुए एक बार वोट दीजिए। मैंने कभी गलत नहीं किया है और ना करूंगा। मैं नीतीश कुमार को छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा।

महागठबंधन टूटने वाला है
महागठबंधन में पहले ही सीट शेयरिंग को लेकर तनाव है। अब कांग्रेस की कलह भी खुलकर सामने आ गई है। टिकट कटने से नाराज गुट ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, महागठबंधन टूटने वाला है।नाराज नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरू पर टिकट बेचने का आरोप लगाया है। इसमें खगड़िया से वर्तमान विधायक छत्रपति यादव, बरबीघा से गजानंद शाही, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र पासवान, बांका के जिलाध्यक्ष कंचना कुमारी सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।कांग्रेस नेता बंटी चौधरी ने कहा कि महागठबंधन टूटने के कगार पर है, यह प्रभारी की वजह से हुआ है। उन्होंने सीएम फेस का ऐलान नहीं किया। इन लोगों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा दिया था। हमलोग ‘टिकट चोर, पद छोड़’ की बात कह रहे हैं।