नशे के सौदागरों का साथ देने वाले पुलिस कर्मियों की अब खैर नहीं- IG - rashtrmat.com

नशे के सौदागरों का साथ देने वाले पुलिस कर्मियों की अब खैर नहीं- IG

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत ने सोमवार को रीवा में नशे के खिलाफ आपरेशन प्रहार 2.0 की शुरूआत करते हुए सख्त लहजे में कहा कि नशे के सौदागरों का साथ देने वाले पुलिस कर्मी अब सावधान हो जाएं। ऐसे लोगों की सूची बना ली गयी है जो उनका साथ देते आए हैं। अब उनसे स्पष्टीकरण नहीं मांगा जाएगा सीधे कार्रवाई होगी। आईजी गौरव राजपूत नेे नशीली सिरप के अवैध कारोबार में पुलिसकर्मियों और थाना प्रभारियों की संलिप्तता पर मंच से कड़ी चेतावनी दी है।


अब सख्त कार्रवाई होगी
रीवा जिले को नशा मुक्त बनाने के मकसद से रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत ने आॅपरेशन प्रहार 2.0 की आज शुरूआत की। उन्होने कहा कि हर जगह ऐसे कुछ लोग होते हैं जो तालाब के पानी को गंदा करते हैं। हमारे पास ऐसे लोगों की सूची है।अच्छा होगा कि वो अपना रास्ता बदल लें। नशे के सौदागारों का साथ देना बंद कर दें।जो ऐसा करते पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेरे पास कई पुलिस कर्मियों के नाम है।आज यदि यहां उन नामों का उल्लेख कर दिया तो उनके परिवार लज्जित होंगे।


हर गली में नशीली सिरप
आई जी ने कहा आज यह स्थिति हो गयी है कि जिले के किसी भी गांव में देखें हर गली में नशीली सिरप की शिशियां मिल जाएंगी। यह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है। नशे के सौदागर इतना तेजी से बढ़े हैं तो जाहिर है कि बिना किसी के प्रश्रय से ऐसा संभव नहीं हुआ होगा।कारेक्स,गांजा,स्मैक, ब्राउन शुगर और अन्य नशीली सौदागरों का कारोबार में प्रत्यक्ष या फिर अप्रत्यक्ष साथ देने वालों की खैर नहीं। जो हुआ अब वो गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि रीवा में एक सप्ताह में 18 लाख से ज्यादा की नशीली सिरप जब्त की गयी है।बढ़ी खेप पकड़ में आ गयी।कितनी छोटी खेप आई होगी इसका रिकार्ड पुलिस के भी पास नहीं है।