राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। नववर्ष के प्रथम दिवस पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गौपूजन किया तथा गौमाता को गुड़ एवं गौग्रास खिलाया। उप मुख्यमंत्री ने भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर आशिर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश वासियों के सुख समृद्धि की कामना। उप मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित बैठक में श्री शुक्ल ने बताया कि गौवंश वन्य विहार से लगी 16 एकड़ भूमि में पार्ट – टू गौशाला का निर्माण कराया जायेगा जहां दुधारू गाय तथा उन्नत नश्ल के गौवंश को संरक्षित रखा जायेगा।

गौवंश वन्य विहार में चारागाह
उन्होंने कहा कि गतदिनों देश के गृहमंत्री श्री अमित शाह के गौवंश वन्य विहार में आगमन के उपरांत इस गौवंश वन्य विहार को और ऊंचाइयाँ मिलेंगी तथा इसे देश की सर्वोत्तम व आत्याधुनिक गौशाला बनाने का कार्य प्राथमिकता से होगा। उन्होंने गौवंश वन्य विहार में चारागाह विकास का कार्य प्रारंभ करने तथा वहां से उत्पन्न चारे को काटकर गौग्रास बनाते हुए गौशाला में भेजने के लिये व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। श्री शुक्ल ने गौवंश वन्य विहार की बाउंड्रीबाल बनाने तथा अन्य निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान संबंधितों को कराये जाने के निर्देश दिये।
संत राजेन्द्रदास की कथा का आयोजन
उन्होंने गौसेवकों का मानदेय वृद्धि का भी अनुमोदन किया। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि गौशाला में गोमूत्र संग्रहण की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करायें। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी फरवरी माह में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संत राजेन्द्रदास जी की कथा का आयोजन कराया जायेगा। राजेन्द्र दास जी महाराज गौकथा व प्राकृतिक खेती पर अपने उद्गार व्यक्त करेंगे। श्री शुक्ल ने संतो के आवास के लिये बनाये जाने वाले ऋषि कुलम का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिये।