राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के तहत माओवादियों की दो बड़ी साजिशों को विफल कर दिया गया। जिले के थाना गंगालूर एवं थाना भोपालपटनम् क्षेत्रों में अलग-अलग संयुक्त कार्रवाइयों के दौरान कुल 15 किलोग्राम वजनी IED बरामद कर सुरक्षित रूप से नष्ट किए गए, वहीं एक माओवादी डम्प भी बरामद किया गया।

10 किलोग्राम का IED बरामद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 दिसंबर 2025 को डीआरजी बीजापुर, थाना गंगालूर पुलिस एवं बीडीएस टीम की संयुक्त टीम ग्राम मुनगा–पेद्दाकोरमा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान डीमाइनिंग कार्रवाई करते हुए मुनगा रोड से कुछ दूरी पर पगडंडी मार्ग में माओवादियों द्वारा लगाया गया 10 किलोग्राम का IED बरामद किया गया। बीडीएस बीजापुर की टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उक्त IED को मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

05 किलोग्राम का IED बरामद
इसी तरह, थाना भोपालपटनम् क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कांडलापर्ती में 28 दिसंबर 2025 को केरिपु 214 बटालियन कैम्प कांडलापर्ती एवं जिला बल की संयुक्त टीम द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कांडलापर्ती रोड से कुछ दूरी पर पगडंडी मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाया गया 05 किलोग्राम का IED बरामद किया गया, जिसे केरिपु 214 वाहिनी की बीडीडी टीम ने सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट किया।

माओवादियों का एक डम्प बरामद
IED निष्क्रियकरण के बाद आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें माओवादियों का एक डम्प बरामद हुआ। डम्प से 20 नग पटाखे/सुतली बम, वायरलेस सेट की बैटरी, मोबाइल बैटरी व चार्जर, कार्डेक्स वायर, प्रेशर स्विच, माओवादी वर्दी, बिजली के तार, विभिन्न टूल्स, तिरपाल, माओवादी दस्तावेज एवं अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझ-बूझ और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों की नापाक मंशा पर पानी फिर गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।