ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन तय समय सीमा में पूरा कराएं;कमिश्नर - rashtrmat.com

ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन तय समय सीमा में पूरा कराएं;कमिश्नर

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने रेल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में भू-अर्जन के प्रकरणों तथा रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की जिलेवार समीक्षा की गई। कमिश्नर ने कहा कि रेलवे के अधिकारी प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बनाकर निर्माण कार्य कराएं। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन विन्ध्य क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए वरदान साबित होगी।

भू-अर्जन का कार्य कर लिया गया
इस परियोजना के निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कराएं। सतना जिले में भू-अर्जन का कार्य पूरा हो गया है। सीधी जिले में भी कुछ स्थानों को छोड़कर भू-अर्जन का कार्य कर लिया गया है। कलेक्टर कार्यालय से निरंतर संपर्क में रहकर भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं। रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की हर बाधा दूर की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि निर्माण कार्यों में ठेकेदारों द्वारा भारी मात्रा में मिट्टी, गिट्टी और रेत का उपयोग किया जा रहा है। खनिज विभाग से अनुमति मिलने के बाद ही उत्खनन कार्य करें। निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही मिट्टी, गिट्टी और रेत की रायल्टी ठेकेदार से जमा कराएं। निर्माण कार्यों को पूरा कराने में समन्वय के साथ प्रयास करें।

भू-अर्जन का कार्य तेजी से

रीवा से बघवार तथा बघवार से चुरहट तक रेलवे लाइन निर्माण में उपयोग की गई मिट्टी तथा अन्य सामग्री की पूरी जानकारी खनिज अधिकारी को उपलब्ध कराएं। रेल परियोजना से जुड़े ठेकेदार यदि अवैध उत्खनन करते पाए जा एंगे तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि रीवा जिले में रेलवे का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। कलेक्टर सतना सतीश कुमार एस ने बताया कि सतना से पन्ना जिले की सीमा तक रेलवे लाइन निर्माण के लिए भू-अर्जन के चार प्रकरण छोड़कर शेष सभी प्रकरण निराकृत कर दिए गए हैं। सतना-रीवा रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए भी भू-अर्जन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बगहाई से रामवन सेक्शन में रेल निर्माण कार्य किया जा रहा है।

15 दिवस में सभी प्रकरण निराकृत
बैठक में कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी ने बताया कि बघवार से रामपुर नैकिन तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। रामपुर नैकिन से सीधी के बीच में जिन स्थानों पर रेलवे ओवर ब्रिाज बनाया जाना है वहाँ भू-अर्जन के पूरक प्रस्तावों पर कार्यवाही की जा रही है। एसडीएम चुरहट 15 दिवस में सभी प्रकरण निराकृत कर देंगे। रेलवे परियोजना में काम कर रहे ठेकेदार अनुमति लेकर ही मिट्टी का उत्खनन करें तथा खनिज पदार्थों की निर्धारित दरों के अनुसार रायल्टी जमा करें। किसी भी स्थिति में अवैध उत्खनन सहन नहीं किया जाएगा।

सतना से पन्ना रेल लाइन जनवरी तक पूरा
सतना से पन्ना रेल लाइन में सतना से देवेन्द्र नगर तक रेल लाइन बिछाने का कार्य जनवरी महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में संयुक्त आयुक्त एलएल अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीधी अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम हुजूर, चुरहट, सीधी तथा सिहावल, खनिज विभाग के अधिकारी एवं रेल परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।