खैरागढ़ पुलिस के हाथ मुंबई में 50 करोड़ की ठगी करने वाला गिरोह हाथ लगा - rashtrmat.com

खैरागढ़ पुलिस के हाथ मुंबई में 50 करोड़ की ठगी करने वाला गिरोह हाथ लगा

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। मुबई के डेम्बिवल्ली के दो कमरे में बैठकर ठगों ने आन लाइन ठगी का जाल बिछा रखा था। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने मुंबई में आनलाइन शापिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के ठिकाने पर छापेमारी की। उसे हैरानी वाला गिरोह हाथ लग गया। कहां खैरागढ़ पुलिस 64 हजार की ठगी के आरोपियों को पकड़ने गई थी,लेकिन 50 करोड़ की ठगी के शातिरों को धर दबोचा। आरोपी बिहार और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

50 करोड़ की ठगी की

मुंबई में बैठे साइबर ठग ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों को टारगेट करते थे। ऑनलाइन पेमेंट करते ही खाते से रकम गायब कर देते थे। खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा को भी ठगों ने निशाना बनाया। साइबर थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने 8 ठगों को मुंबई से अरेस्ट किया है।इसके साथ ही ‘100 बुक’ नाम की ऑनलाइन गेमिंगऔर बेटिंग ऐप भी चला रहे थे। गेम के जरिए करोड़ों रुपए जीतने का लालच देते थे। इसके बाद गेम में पैसे लगवाकर ठगी कर लेते थे। इसके लिए अलग-अलग लोगों को हायर किया था। ऑनलाइन शापिंग साइट और बेटिंग ऐप से 50 करोड़ की ठगी की है।

कल्याण में सक्रिय एक बड़ा गिरोह

दरअसल, खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा वसुधा सिन्हा इंस्टाग्राम पर रील्स देख रही थीं, तभी उनकी नज़र “चिकनकारी” नाम की एक वेबसाइट के विज्ञापन पर पड़ी। उसे खोलने पर साड़ियां बेचने वाला एक पेज खुला। साड़ी का 1000 रुपए भुगतान करने के बाद खाते से 64 हजार रुपए कट गए।इसके बाद छात्रा वसुधा सिन्हा खैरागढ़ साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद साइबर सेल ने इंस्टाग्राम पेज, पेमेंट ऐप और बैंक खातों की जांच की। जांच में सामने आया कि इस ठगी के पीछे मुंबई के डोम्बिवल्ली और कल्याण में सक्रिय एक बड़ा गिरोह है।

100 से अधिक फर्जी सिम कार्ड

राजनांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि पुलिस की टीम ने मुंबई में 7 दिनों तक रही और रेकी की। टीम ने खुद को डिलीवरी बॉय के रूप में प्रस्तुत कर इलाके में जानकारी जुटाई। इसके बाद डोम्बिवल्ली के 2 फ्लैटों में एक साथ छापेमारी की।इस दौरान जांच में पता चला कि गिरोह ने 100 से अधिक फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते बना रखे थे। इन्हीं के माध्यम से लगभग 50 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ था। मौके से पुलिस ने 5 लैपटॉप, 14 मोबाइल, 51 बैंक पासबुक, 51 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक और 25 सिम कार्ड जब्त किए हैं।