राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। देश के साथ पूरी दुनिया को मुफ्त में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े विभिन्न सोल्यूशन भारत मुहैया कराने जा रहा है।नई दिल्ली में आयोजित दुनिया के सबसे बड़े एआई इंपैक्ट समिट 2026 में मंगलवार को इलेक्ट्रानिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हम जल्द ही एआई मिशन 2.0 लांच करने जा रहा हैं जिनमें कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग, एमएसएमई जैसे कई सेक्टर के मॉडल होंगे और भारत की विभिन्न भाषाओं में होंगे।

सरकार सुझावों के लिए तैयार है
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज 17 फरवरी को कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी AI समिट है। पहले दिन ही 70 हजार से ज्यादा लोग कार्यक्रम में पहुंचे। अब इंतजाम ठीक हैं, लेकिन अगर कल किसी को परेशानी हुई तो हम उसके लिए माफी मांगते हैं।उन्होंने कहा कि सरकार सुझावों के लिए तैयार है और अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक ‘वॉर रूम’ बनाया गया है जो चौबीसों घंटे काम कर रहा है। ‘वॉर रूम’ एक ऐसा कंट्रोल सेंटर होता है जहां से पूरे वेन्यू की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाती है।
UPI प्लेटफार्म की तरह होगा बुके
यह बुके यूपीआई प्लेटफार्म की तरह होगा जिन पर सारे सोल्यूशन उपलब्ध होंगे और जरूरत के हिसाब से उसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। हमारा उद्देश्य है कि छोटे उद्यमियों के साथ, किसान, छात्र, महिला, युवा सभी को उनकी जरूरत के मुताबिक एआई की सुविधा मुफ्त में मिल सके। भारत का यह माडल भरोसेमंद होगा।वैष्णव ने बताया कि एआई के सेक्टर अगले कुछ वर्षों में 200 अरब डालर का निवेश भी होने जा रहा है। एआई इंपैक्ट समिट में भारत यह भी प्रयास कर रहा है कि दुनिया के सभी देशों के बीच एआई के सकारात्मक इस्तेमाल को लेकर सहमति बनाई जाए।

2.5 लाख से अधिक बच्चों से बात
भारत इस दिशा में अपना प्रयास शुरू कर चुका है और पिछले दो दिनों में 2.5 लाख से अधिक बच्चों ने इस बात की शपथ ली है कि वे एआई का गलत इस्तेमाल नहीं करेंगे।स्कूल के पाठ्यक्रम में एआई को शामिल किया जा रहा है ताकि बच्चे एआई की अच्छाई और बुराई दोनों को जान सके। एआई सेक्टर में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए भारत इससे जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी पूरा फोकस कर रहा है।
देश की इमेज बर्बाद
समिट में हुई अव्यवस्ता पर कांग्रेस ने एक पोस्ट किया है। इसमें लिखा- दिल्ली में AI समिट हो रहा है, लेकिन वहां के हालात बहुत ही भयानक हैं। समिट में मिस-मैनेजमेंट से फाउंडर्स और एग्जिबिटर्स बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि PM मोदी के आने के लिए मेन हॉल खाली करा दिया गया और एग्जिबिटर्स को उनके ही पेड स्टॉल्स से निकाल दिया गया।

मंडपम में 4 हजार कैमरे
भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए 4 हजार से ज्यादा AI-इनेबल्ड कैमरे और 15 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं…
- G20 जैसी सुरक्षा: पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा के इंतजाम 2023 में हुए G20 समिट के स्तर के हैं। अकेले कार्यक्रम स्थल पर ही 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
- फेस रिकग्निशन सिस्टम: संदिग्धों की तस्वीरों को ‘AI फेस रिकग्निशन सिस्टम’ में फीड किया गया है। अगर ये किसी संवेदनशील जगह के पास दिखते हैं, तो पुलिस को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा।
- ड्रोन और एयर डिफेंस: कार्यक्रम स्थल पर 6 एंटी-ड्रोन सिस्टम और 4 एयर डिफेंस गन तैनात हैं। पूरे इलाके को 10 जोन में बांटा गया है, जिसकी निगरानी DCP रैंक के अधिकारी कर रहे हैं।