राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। बालाघाट में मेसर्स कालूवाला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड नवेगांव पर जीएसटी चोरी के मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है। जीएसटी छिंदवाड़ा और बालाघाट की संयुक्त टीम ने निर्माण सामग्री में की गई जीएसटी की चोरी पकड़े जाने पर कंपनी ने 89 लाख 82 हजार रुपए सरेंडर किए हैं। यह कंपनी रजेगांव से बालाघाट के बीच हाईवे निर्माण कर रही है। कंपनी ने कुल 89 लाख 82 हजार रुपए सरेंडर किए हैं। 65 लाख रुपए नकद और 24 लाख 82 हजार रुपए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के माध्यम से जमा किए गए।

टीम ने फर्म के साइट पर जांच की
यह कार्रवाई आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर के निर्देश पर की गई। राज्य कर सहायक आयुक्त एकांत राहंगडाले ने वाणिज्यिक कर छिंदवाड़ा और बालाघाट की संयुक्त टीम के साथ मेसर्स कालूवाला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड नवेगांव पर निरीक्षण किया। टीम ने फर्म के रेंगाटोला स्थित साइट पर दो दिनों तक जांच की। इस दौरान फर्म के खरीदी और आउटवर्ड सप्लाई से संबंधित ट्रांजैक्शन की गहनता से जांच की गई। जांच में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद व्यवसायी ने कर चोरी स्वीकार कर ली।जीएसटी विभाग ने बताया कि टैक्स चोरी की जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई थी।