राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। नववर्ष के पावन अवसर पर एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रतिवषार्नुसार इस वर्ष भी आगामी 01 जनवरी 2026 को माँ अन्नपूर्णा देवी को चुनरी अर्पित करने हेतु भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा बालाघाट जिला मुख्यालय के निकट स्थित ग्राम गोंगलई से प्रारंभ होकर गढ़दा पहाड़ी पर विराजित माँ अन्नपूर्णा देवी के प्रसिद्ध कोठीपाठ धाम, गढ़दा-बुढैना तक निकाली जाएगी। माँ अन्नपूर्णा, जो अन्न, समृद्धि और करुणा की अधिष्ठात्री देवी मानी जाती हैं, उनके प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। मान्यता है कि माँ के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत पूर्ण होती है। इसी विश्वास और भक्ति भाव के साथ नववर्ष के प्रथम दिन सैकड़ों-हजारों श्रद्धालु माँ को चुनरी अर्पित कर देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
यात्रा भक्तिमय वातावरण में आगे बढ़ेगी
यह भव्य चुनरी यात्रा ग्राम गोंगलई से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ होगी। डीजे में देवीगीत और जय माँ अन्नपूर्णा के गगनभेदी जयकारों के साथ यह यात्रा भक्तिमय वातावरण में आगे बढ़ेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु माता के भजनों पर झूमते-गाते हुए अपनी आस्था प्रकट करेंगे एवं चुनरी लेकर, पुरुष भगवा ध्वज थामे, बच्चे भी माता की भक्ति में रंगे नजर आएंगे। चुनरी यात्रा गोंगलई से निकलकर नवेगांव, नैतरा, लिंगा, लोहारा, परसपानी, गढ़दा होते हुए बुढैना मार्ग से माँ अन्नपूर्णा के कोठीपाठ धाम पहुंचेगी। मार्ग में आने वाले गांवों में श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती एवं प्रसाद वितरण कर माता के भक्तों का अभिनंदन किया जाएगा। पूरा क्षेत्र मानो देवीमय हो उठेगा।