CM का घेराव से पहले पूर्व सांसद गिरफ्तार,काले झंडे दिखाने जा रहे थे कांग्रेसी - rashtrmat.com

CM का घेराव से पहले पूर्व सांसद गिरफ्तार,काले झंडे दिखाने जा रहे थे कांग्रेसी

 

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव आज बालाघाट जिले के दौरे पर हैं। वे कटंगी में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों के खाते में बोनस ट्रांसफर किया। वहीं सीएम का विरोध करने का ऐलान करने वाले पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीएम को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कटंगी से पांच किलोमीटर पहले जामनाला में रोक दिया है।
युवाओं को नियुक्ति पत्र दिये
मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने प्रदेश के 6 लाख 69 हजार 272 किसानों को 377 करोड़ 12 लाख रुपए एक क्लिक से दिए। सीएम ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र के 812 युवाओं को पुलिस के विशेष सहयोगी दस्ते में भर्ती के लिए नियुक्ति पत्र दिए। इसके अलावाए 244ण्52 करोड़ रुपए की लागत के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
कंकर मुंजारे गिरफ्तार
इससे पहले सीएम का विरोध करने का ऐलान करने वाले पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि सीएसपी वैशाली सिंह ने की है। पूर्व सांसद ने सीएम के आगमन का विरोध करने की बात कही है। पूर्व सांसद ने कहा कि क्षेत्र के पठार क्षेत्र में वन्यजीव के कारण लोग दहशत में हैं। लगातार वन्यजीव के कारण फसल प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। घर में दंपती की हत्या कर दी जाती है। सरकार सो रही है।

 

कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम को काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन करने वाले थे।

पांच किलोमीटर पहले कांग्रेसियों को रोका

सीएम को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कटंगी से पांच किलोमीटर पहले जामनाला में रोक दिया है। इससे जामनाला के पास जाम जैसी स्थिति हो गई है। पुलिस उन्हें आगे बढ़ने नहीं दे रही। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलकर विरोध दर्ज कराने चाहते हैं। कांग्रेसियों के साथ बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद हैं।वारासिवनी विधायक विवेक पटेल ने कहा कि दु:ख की बात है कि सीएम से मिलने किसानों को रोका जा रहा है, जबकि हम शांति से मिलकर अपनी बात रखने वाले थे। दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार मौलिक अधिकारों को छीनकर आवाज दबाना चाहती है।

कांग्रेसी काला गमछा लेकर निकले

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय उईके ने बताया कि सरकार हेक्टेयर पर बोनस नहीं, बल्कि किसानों से किए गए वादों को पूरा कर धान का का समर्थन मूल्य 3100 और गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए करे।इसके अलावा, महिलाओं से किया गया वादा पूरा करें। अध्यक्ष ने बताया कि किसानों के साथ कांग्रेस, सीएम का विरोध करेगी। इसके लिए कांग्रेसी काला गमछा लेकर निकले थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जाम नाला में रोक लिया।

इनको मदद करने वाला कोई नहीं

सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मार्च 2026 में लाल सलाम को आखिरी सलाम। इनको कोई सलाम नहीं करने वाला। इनको कोई मदद नहीं करने वाला। यहां तीन जिलों के करीब 812 जवानों को नियुक्ति पत्र दिए हैं। यहीं के जवान ट्रेनिंग लेकर अपने क्षेत्र की सुरक्षा करें। जो इसमें आड़े आए, उसे रास्ते से हटा दें।सीएम ने कहा कि नालायक कांग्रेसी कहते हैं कि बहनें दारू पी जाते हैं। याद रखना कि आपके गली–मोहल्ले में कांग्रेसी आएं, तो हिसाब चुकता करना इनसे। इन्हीं कर्मों से ये सरकार से बाहर हैं।कांग्रेसी कहते हैं कि गोमांस को टैक्स फ्री कर दिया। इनसे पूछें कि पहले आपकी सरकार थी, तब क्या किया। हमने गो वध पर प्रतिबंध लगाया है। इसका कानून भी है। अगर कोई गोवंश को परेशान भी करता है, तो उसे जेल भेजते हैं। गो हत्यारों को पकड़ने जाते हैं, तो ये कांग्रेसी चिल्लाने लग जाते हैं। कोई भी गो माता को परेशान करेगा, समाज में उसकी जगह नहीं है। उसकी जगह जेल में है।