राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। किरनापुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढोरिया, परसवाड़ा, कोकना एवं कड़कना में बाघ नदी में रेत का अवैध खनन कर रहे 5 ट्रेक्टर ट्राली उपसंचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने जब्त किया।

कलेक्टर कोर्ट में मामला जाएगा
उपसंचालक खनिज विभाग सुश्री फरहत जहां ने बताया कि 03 दिसम्बर को अवैध रेत का खनन करने की सूचना पर छापा मारा गया। इस दौरान रेत का अवैध उत्खनन करने पर 02 प्रकरण दर्ज किये गये है। जिसमें एक प्रकरण में 02 ट्रेक्टर ट्राली तथा दूसरे प्रकरण में 03 ट्रेक्टर ट्राली जब्त किये गये है। इन वाहनों के मालिको के विरूद्ध मप्र खनिज नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा।
अवैध रेत का खनन की सूचना दें
खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज अमले द्वारा ग्राम ढोरिया,परसवाडा,कोकना एवं ग्राम कड़कना घाट से बाघ नदी पहुंच मार्ग को अवरूद्ध किया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा रेत का अवैध उत्खनन पाए जाने पर तुरंत विभाग को अवगत कराएं। इस पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।